भाजपा नेताओं ने भारत माता चौक पर महाआरती की और तिरंगा फहराया
- फोटो : अमर उजाला
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद विष्णुदत्त शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने शुक्रवार को भारत माता चौक पर आयोजित महाआरती में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने तिरंगा ध्वज फहराया और ऑपरेशन 'सिंदूर' की सफलता पर खुशी व्यक्त की। शर्मा ने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पाक प्रेरित आतंकवाद को जड़-मूल से नष्ट करने के लिए संकल्पित हैं। तीनों सेनाओं ने यह साबित कर दिया है कि पाकिस्तान में बैठे आतंक के आकाओं तक हमारी पहुंच है। ऑपरेशन 'सिंदूर' के माध्यम से प्रधानमंत्री ने आतंकवादियों को कड़ा संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना की इस कार्रवाई में कई आतंकवादी और उनके आकाओं को मारा गया है। यह ऑपरेशन उन आतंकियों को जवाब है जिन्होंने पहलगाम हमले में निर्दोष नागरिकों की हत्या की थी। हमारी सेना ने यह साबित कर दिया है कि पाकिस्तान में छिपे आतंकवादी हमारी पहुंच से दूर नहीं हैं। शर्मा ने कहा कि भारतीय सेना की इस कार्रवाई में अनेक आतंकवादी और उनके आका मारे गए हैं। हमारी सेना ने पाकिस्तान और पीओके में की गई इस कार्रवाई में आतंकियों को चुन-चुनकर ठिकाने लगाया है। ऑपरेशन सिंदूर उन आतंकियों को भारतीय सेना का जवाब है, जिन्होंने पहलगाम हमले में हमारी बहनों के माथे से सिंदूर मिटा दिया था। हत्यारे आतंकियों ने उस समय उन बहनों से कहा था कि ये संदेश मोदी को दे देना। अब इस कार्रवाई के माध्यम से हमारे जांबाज जवानों ने उन आतंकियों और उनके आकाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश दे दिया है।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, कृष्णा गौर, विधायक भगवानदास सबनानी, रामेश्वर शर्मा, पूर्व विधायक ध्रुवनारायण सिंह, जिला अध्यक्ष रविंद्र यति, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी, प्रदीप त्रिपाठी सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित थे। यह आयोजन भाजपा कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के लिए एकजुटता और देशभक्ति का प्रतीक बना, जिसमें सभी ने मिलकर भारत माता की महाआरती की और तिरंगा फहराया।