मंगला एक्सप्रेस में बस की सूचना के बाद डॉग स्क्वाड जांच करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
हजरत निजामुद्दीन-एर्नाकुलम मंगलला एक्सप्रेस (12618) में सोमवार को बम की सूचना से हड़कंप मच गया। रेलवे और जिला प्रशासन ने ट्रेन को मिसरोद रेलवे स्टेशन पर रोका। जहां डॉग स्क्वॉड और बम विरोधी दल ने पूरी ट्रेन की जांच की। बम की सूचना झूठी निकलने पर ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
जानकारी के अनुसार हजरत निजामुद्दीन से चलकर एर्नाकुलम जाने वाली गाड़ी संख्या 12618 मंगला एक्सप्रेस में सोमवार को एक व्यक्ति ने बम होने की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को दी। बाद में पुलिस ने उस नंबर पर फोन किया तो नंबर बंद मिला। पुलिस ने सूचना को तुरंत जीआरएपी कंट्रोल के माध्यम से आरपीएफ कंट्रोल को भेज कर रेल सुरक्षा कर्मियों को सतर्क किया। ट्रेन भोपाल स्टेशन से रवाना होकर रानी कमलापति स्टेशन से पास हो रही थी, जिसे मिसरोद स्टेशन पर शाम 5 बजकर 7 मिनट पर रोका गया।
करीब पौने दो घंटे खड़ी रही ट्रेन
स्थानीय प्रशासन, पुलिस, आरपीएफ, वाणिज्य एवं जीआरपी के अधिकारी, जवान, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड तुरंत मौके पर पहुंचे। पूरी गाड़ी की बारीकी से जांच की गई। जांच करने पर कहीं भी कोई संदिग्ध, विस्फोटक सामग्री ट्रेन में नहीं मिली। इसके उपरांत ट्रेन को यात्रियों सहित शाम 6.48 बजे गन्तव्य की ओर रवाना किया गया। इस दौरान भोपाल मंडल रेल प्रशासन द्वारा स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए एनाउंसमेंट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई।