भोपाल के जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर द्वारा नाबालिग बेटे से वोट डलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया था। मामले में कांग्रेस ने मतदान प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। आयोग को भी शिकायत की गई। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी और कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बैरसिया एसडीएम को जांच करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद विनय मेहर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई।
बता दें कि मेहर ने बैरसिया विधानसभा के खितवास स्थित मतदान क्रमांक-71 में वोट डाला था। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि बैरसिया एसडीएम ने एफआईआर दर्ज कराई गई। इस मामले में पीठासीन अधिकारी संदीप सैनी समेत पूरी पोलिंग पार्टी को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं, बूथ पर तैनात प्रधान आरक्षक संतोष को लाइन अटैच किया गया है।
मेहर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो
बेटे के वोट डालने का वीडियो विनय मेहर ने ही अपने फेसबुक पर पोस्ट किया था। इसके बाद वीडियो वायरल हो गया है। इस मामले में चुनाव आयोग को शिकायत के बाद मेहर ने वीडियो डिलीट कर दिया।
कांग्रेस ने साधा निशाना- पूछा कोई कार्रवाई होगी
इस मामले में कांग्रेस नेता पीयूष बबेले ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा कि भाजपा ने चुनाव आयोग को बच्चों का खिलवाड़ बना दिया है। भोपाल में भाजपा के जिला पंचायत सदस्य विनय मेहर ने नाबालिग बेटे से वोट डलवाया। वोट डालते समय कस विनय मेहर ने वीडियो भी बनाया। वीडियो फेसबुक पर पोस्ट किया। कोई कार्रवाई होगी?