राजधानी भोपाल एक बार फिर बड़े उद्योग मेले की मेजबानी करने जा रही है। फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एफएमपीसीसीआई) द्वारा आयोजित फेड एक्सपो 2025 का आयोजन 21 से 23 नवंबर 2025 तक जीआईए व्यापार प्रदर्शनी केंद्र, भोपाल में किया जाएगा। इस तीन दिवसीय औद्योगिक प्रदर्शनी में 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग (एमएसएमई) अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। वहीं रूस, ओमान, ताइवान, तुर्की सहित कई देशों के प्रतिनिधि मंडल भी इसमें भाग लेंगे। फेडरेशन का कहना है कि इस आयोजन से प्रदेश की औद्योगिक इकाइयों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने और नए व्यापारिक अवसर प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
अंतरराष्ट्रीय भागीदारी और व्यापारिक अवसर
फेडरेशन के अध्यक्ष दीपक शर्मा ने बताया कि फेड एक्सपो 2025 का उद्देश्य ‘मेक इन इंडिया मेक फॉर द वर्ल्ड की भावना को बढ़ावा देना है। इस कार्यक्रम के दौरान क्रेता-विक्रेता बैठकें, विक्रेता विकास सत्र और उद्योग–सरकार संवाद आयोजित किए जाएंगे, जिनसे स्थानीय उद्यमियों को बड़े उद्योगों और सरकारी उपक्रमों से सीधा संपर्क का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस बार रूस से 10 सदस्यीय, ओमान से 4 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भाग लेगा, जबकि आसियान और मध्य पूर्व देशों के प्रतिनिधि भी आने वाले हैं। इससे मध्य प्रदेश और इन देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापारिक संबंध और अधिक मजबूत होंगे।
बड़ी कंपनियों और सरकारी उपक्रमों की भागीदारी
प्रदर्शनी में भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल), भारत अर्थ मूवर्स लिमिटेड (बीईएमएल), रेलवे, बीना रिफाइनरी, एचईजी, रक्षा प्रतिष्ठान सहित कई सार्वजनिक उपक्रम सक्रिय रूप से भाग लेंगे। इनके साथ राज्य शासन के विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग मंत्रालय, भारतीय लघु उद्योग विकास बैंक (सिडबी), भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और अन्य बैंकिंग संस्थान भी शामिल रहेंगे।
नवोन्मेषी इकाइयों और शिक्षण संस्थाओं के लिए मंच
इस वर्ष एक्सपो में प्रदेश की नवोन्मेषी इकाइयों (स्टार्टअप्स) और शैक्षणिक संस्थाओं के लिए विशेष “नवाचार प्रकोष्ठ” तैयार किया गया है। इसमें प्रत्येक जिले से चयनित इकाइयों को अपने विचार, उत्पाद और योजनाएं प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही निवेशकों के समक्ष प्रस्तुति सत्र भी आयोजित किया जाएगा, जहाँ युवा उद्यमी अपने कार्य और दृष्टिकोण प्रस्तुत कर सकेंगे।
यह भी पढ़ें-
घर-घर मतदाता सत्यापन अभियान आज से, आयोग ने नागरिकों से सहयोग की अपील की
चर्चा सत्र और कार्यशालाएं
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान उद्योग जगत से जुड़े विषयों पर चर्चा सत्र और कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें सरकारी खरीद नीतियाँ, ‘मेक इन इंडिया’ अभियान, तकनीकी नवाचार, एमएसएमई वित्तपोषण और निर्यात की तैयारी जैसे विषय शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें-
दो थानाक्षेत्रों के लाइसेंसी बंदूकधारियों की जानकारी जुटा रही पुलिस, सूखी सेवनिया में चली थी गोली
उद्योग विकास का नया अध्याय
फेडरेशन का अनुमान है कि इस आयोजन में 35 हजार से अधिक आगंतुक शामिल होंगे, जिनमें उद्योगपति, निवेशक, विद्यार्थी और नीति-निर्माता होंगे। फेडरेशन ने सभी उद्यमियों से आग्रह किया है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने व्यवसाय को नई दिशा दें और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुँचाएं। फेडरेशन के सचिव प्रवीण आचार्य ने कहा कि फेड एक्सपो 2025 मध्य प्रदेश को विनिर्माण, नवाचार और निवेश के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।