कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधा है।
- फोटो : सोशल मीडिया
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ईपीएफओ के जारी आंकड़े को लेकर मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। ईपीएफओ की तरफ से हाल ही में जारी वर्ष 2023-24 के आंकड़े के अनुसार देशभर में सात लाख और मध्य प्रदेश में 29 हजार नौकरियों में कमी आई है। पूर्व सीएम ने कहा यह स्थिति चिंताजनक है। प्रदेश में पहले ही बेरोजगारों की बड़ी संख्या है, जो कभी पटवारी भर्ती, नर्सिंग, व्यापमं और आरक्षक भर्ती घोटालों से परेशान है।
पूर्व सीएम ने आंकड़ों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह न तो सार्वजनिक क्षेत्र में और न ही निजी क्षेत्र में नौकरियों की सृजन के लिए प्रभावी कदम उठा रही है। कमलनाथ ने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार की नीति में पारदर्शिता का अभाव है और वह केवल इवेंटबाजी और कपोलकल्पित वादों में व्यस्त है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर आरोप लगाया है कि प्रदेश का युवा इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगा। वहीं, कमलनाथ ने दावा किया कि वह हर कदम पर युवाओं के साथ खड़े रहेगें और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने के लिए संघर्ष करेंगे।