बुरहानपुर कलेक्टर को प्रधानमंत्री पुरस्कार देते हुए
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले को जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन में देश में सर्वोत्तम प्रदर्शन के लिए प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में सिविल सेवा दिवस पर समारोह में बुरहानपुर कलेक्टर भाव्या मित्तल को प्रधानमंत्री उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया।
बुरहानपुर जिले ने जल जीवन मिशन से हर घर में नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाने की उपलब्धि प्राप्त की है। बुरहानपुर को देश में पहला हर घर जल सर्टिफाइड जिला बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। हर गांव में पानी पहुंचा कर बुरहानपुर ने देश को एक नई दिशा दिखाई है।
जल जीवन मिशन में अब तक प्रदेश के 51 लाख 15 हजार से अधिक ग्रामीण परिवारों को नल से जल उपलब्ध कराया गया है। सभी 254 गांव में “हर घर जल” योजना से पानी पहुंचाया जा रहा है। ये गांव “हर घर जल” प्रमाणित हुए हैं।
वहीं, प्रदेश के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन को पीएम गतिशक्ति में हुए उत्कृष्ट और समयबद्ध कामों के लिए केंद्र सरकार ने पीएम एक्सीलेंस अवॉर्ड प्रदान किया।