कारसेवक अचल सिंह का सम्मान करने उनके घर पहुंचे वीडी शर्मा
- फोटो : अमर उजाला
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को घोषणा की कि भाजपा कारसेवकों और उनके परिवार को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने ले जाएगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष कारसेवक अचल सिंह का सम्मान करने उनके गांव थुआखेड़ा पहुंचे थे। इस अवसर पर अचल सिंह ने कहा कि उनको याद किया इसकी बहुत खुशी हैं। बता दें अचल सिंह ने अमर उजाला से खास बातचीत में कहा था कि मैं बहुत खुश हूं। मेरे सामने भगवान की प्राण प्रतिष्ठा हो रही हैं। 30 साल से मेरा शरीर खराब है। मैं एक जगह ही बैठ कर राम का नाम जपता हूं। मेरे आने-जाने की व्यवस्था हो जाए तो मैं भी भगवान के दर्शन करना चाहता हूं।
राजधानी भोपाल के राम भक्त अचल सिंह 30 साल से अपाहिज हैं। 1992 में अयोध्या में कार सेवा के दौरान ढांचा ढहाते समय उनके ऊपर गुंबद का मलबा गिर गया था। 1992 में कार सेवा करने भोपाल से अचल सिंह भी गए थे। वे गुंबद को गिराने के लिए उस पर चढ़ने वाले लोगों में शामिल थे। विवादित ढांचा ढहने के साथ ही वे नीचे गिर गए थे, जिससे मलबे में दब गए थे। उनको सिर और कमर में गंभीर चोटें आई थीं।