राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल ने एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) द्वारा आयोजित कस्टमर सैटिस्फैक्शन सर्वे (CSS) 2025 में देश के 58 AAI एयरपोर्ट्स में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपनी यात्री सेवा उत्कृष्टता साबित की। इस उपलब्धि ने एयरपोर्ट के यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं और अनुभव की गुणवत्ता को नई ऊंचाई पर पहुंचाया है। CSS-2025 में भोपाल एयरपोर्ट ने राउंड-I (जनवरी–जून 2025) में 5.00 अंक और राउंड-II (जुलाई–दिसंबर 2025) में 4.99 अंक (5 में से) हासिल किए। इस वर्ष पहली बार AAI ने एयरपोर्ट्स को वार्षिक यात्री संख्या के आधार पर तीन श्रेणियों में विभाजित किया है। इसमें श्रेणी-I: 5 लाख से कम यात्री, श्रेणी-II: 5 लाख से 15 लाख यात्री और श्रेणी-III: 15 लाख से 35 लाख यात्री है। भोपाल एयरपोर्ट श्रेणी-III में शामिल है, जिसमें रांची, उदयपुर, बागडोगरा और जम्मू जैसे बड़े एयरपोर्ट्स आते हैं। CSS-2025 में न केवल समग्र रूप से बल्कि श्रेणी-III में भी एयरपोर्ट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
ये भी पढ़ें-
MP News: सीएम डॉ. यादव ने वीर साहिबजादों को नमन किया, शैक्षणिक पाठ्यक्रम में शामिल की जाएगी उनकी गाथा
भोपाल एयरपोर्ट की इस सफलता के पीछे लगातार सुधार और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किए गए प्रयास हैं। एयरपोर्ट में यात्रियों के लिए डिजीयात्रा सुविधा, तेज सुरक्षा जांच, फ्लाईब्ररी, चार्जिंग सुविधा युक्त सीटें, बच्चों के लिए प्ले एरिया, आधुनिक तकनीक से युक्त स्वच्छ शौचालय और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय जैसे उपाय किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, एयरपोर्ट को हाल ही में CAT-II इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम से अपग्रेड किया गया है, जिससे 350 मीटर तक कम दृश्यता में भी सुरक्षित उड़ान संचालन संभव है। लोअर ग्राउंड फ्लोर पर नए आगमन क्षेत्र, पैरेलल टैक्सी ट्रैक (PTT) और रैपिड एग्जिट टैक्सीवे (RET) जैसे अधोसंरचना विकास कार्य भी प्रगति पर हैं।
इन सभी सुधारों और नवाचारों के साथ भोपाल एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में यात्री संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की संभावना रखता है। एयरपोर्ट का लक्ष्य देश के प्रमुख एयरपोर्ट्स में अपनी स्थिति और मजबूत करना है। राजा भोज एयरपोर्ट ने अपने यात्रियों, भोपाल और मध्यप्रदेश के नागरिकों, AAI, एयरलाइंस, CISF, ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसियों और सभी हितधारकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। भविष्य में भी भोपाल एयरपोर्ट सुरक्षित, कुशल और यात्रियों-केंद्रित सेवाएं प्रदान करते हुए सेवा उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ये भी पढ़ें-
भोपाल में पेड़ों की कटाई: 40 साल से पुराने एक पेड़ पर रहते हैं 500 जीव, पर्यावरणविद् बोले- लाखों जीवन की हत्या