स्टोर कीपर का लटेरी में निर्माणाधीन मकान
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त स्टोर कीपर अशफाक अली के दो अलग-अलग ठिकानों पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार को छापे मारे। टीम को उसके घर से करोड़ों की संपत्ति, 21 लाख रुपये नकद व 45 लाख के जेवर मिले हैं। लोकायुक्त टीम ने स्टोर कीपर के पास कुल 10 करोड़ से ज्यादा की चल-अचल संपत्ति का पता लगाया है।
लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अशफाक अली पुत्र मुस्ताक अली विदिशा जिले के लटेरी का रहने वाला है। वह राजगढ जिला चिकित्सालय में पूर्व में स्टोर कीपर के पद पर पदस्थ रहा। उसके विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया था। टीम ने अशफाक अली के भोपाल ग्रीन वैली कॉलोनी के मकान और लटेरी के मकान पर दो अलग-अलग टीमों ने सर्च कार्रवाई की।
शॉपिंग कॉम्प्लेक्स समेत 16 संपत्तियां
अशफाक अली, उसके पुत्र जीशान अली व शारिक अली, पुत्री हिना कौसर और पत्नी राशिदा बी के नाम पर 16 अचल संपत्तियों के खरीदी के दस्तावेज मिले हैं। इनकी कीमत लगभग सवा करोड़ रुपये है। अन्य 50 से भी ज्यादा अचल संपत्तियों के संबंध में लटेरी विदिशा और भोपाल में जानकारी एकत्र की जा रही है। लटेरी में चार भवन, जिनमें एक 14 हजार वर्ग फुट पर निर्माणाधीन शॉपिंग कॉम्पलेक्स और लगभग एक एकड़ जमीन पर करीब 2500 वर्ग फुट का आलीशान मकान बनाए जाने की जानकारी मिली है। लटेरी में मुश्ताक मंजिल नाम से एक तीन मंजिला भवन भी बनवाया गया है, जिसमें प्राइवेट स्कूल किराए पर संचालित किया जा रहा है।
21 लाख रुपये मशीन से गिने
भोपाल स्थित मकान में सर्च के दौरान काफी मात्रा में नकदी प्राप्त हुई। मशीन से की गई गिनती में 21 लाख रुपये पाए गए। इसके अलावा सोने चांदी के जेवरात, कीमती घड़ियां और घरेलू उपयोग का कीमती सामान मिला है। उसकी सूची तैयार की जा रही है। अभी तक की जांच और सर्च कार्रवाई के दौरान आरोपी अशफाक अली और उसके परिजनों के नाम पर 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल अचल संपत्ति होने का अनुमान है।
तीन पर्सियन बिल्लियां व 150 एकड़ जमीन के कागज मिले
आरोपी अशफाक अली के ठिकानों से तीन पर्सियन बिल्लियां, लटेरी में 150 एकड़ जमीन के कागज भी मिले हैं। लोकायुक्त एसपी मन्नु व्यास ने बताया कि आरोपी के ठिकानों पर छापों की कार्रवाई देर रात तक जारी थी।