MP News: मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने एक और लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी ने ग्वालियर, खंडवा और मुरैना से प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिये हैं। ग्वालियर से कांग्रेस ने प्रवीण पाठक, मुरैना से सत्यपाल सिंह सिकरवार और खंडवा से नरेंद्र पटेल को अपना उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि कांग्रेस ने खजुराहो सीट सपा के लिए छोड़ दी थी, हालांकि सपा की प्रत्याशी का नामांकन रद्द हो गया।
कांग्रेस ने शनिवार को छह प्रत्याशियों की नई सूची जारी की है, जिसमें मध्य प्रदेश के अलावा गोवा और दादर-नगर हवेली की सीट शामिल है। मध्य प्रदेश की तीन सीटों पर पार्टी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इनमें ग्वालियर, मुरैना और खंडवा शामिल है।
विज्ञापन
बात करें अगर ग्वालियर की तो यहां प्रवीण पाठक मैदान में हैं। प्रवीण पाठक कांग्रेस के पूर्व विधायक रहे हैं, उन्होंने 2023 के चुनाव में भी किस्मत आजमाई थी, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें बीजेपी के नारायण सिंह कुशवाहा ने उन्हें ग्वालियर दक्षिण सीट पर 2536 वोटों से हराया था।
विज्ञापन
मुरैना से सत्यपाल सिंह सिकरवार
वहीं पार्टी द्वारा मुरैना से घोषित किये गए प्रत्याशी सत्यपाल सिंह सिकरवार पहले बीजेपी में थे। उन्हें पार्टी के आदेश का पालन न करने के कारण 2020 में निष्कासित कर दिया था। इनकी भाभी शोभा सिकरवार ग्वालियर से कांग्रेस की महापौर हैं।
खंडवा से नरेंद्र पटेल
इसके साथ ही खंडवा से नरेंद्र पटेल को कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया है। नरेंद्र पटेल मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री हैं। उन्हें बड़वाह विधानसभा सीट से कांग्रेस ने 2023 चुनाव में टिकट दिया था, लेकिन बीजेपी के सचिन बिड़ला के हाथों उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। वह पूर्व सांसद, पूर्व विधायक स्व.ताराचंद पटेल के भतीजे हैं। रेवा गुर्जर समाज में पटेल परिवार का प्रभाव रहा। बताया जाता है कि नरेंद्र का नाम पूर्व सांसद अरुण यादव ने ही आगे बढ़ाया था, लेकिन उनके इस प्रस्ताव का पार्टी में विरोध नहीं होने पर यादव गुट आशंकित हुआ। इसके बाद उनकी ओर से सुनीता सिकरगाए का नाम आगे बढ़ाया गया, लेकिन बाद में नरेंद्र पटेल पर शीर्ष नेतृत्व ने सहमति दी।