आम आदमी पार्टी का भोपाल में प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के विरोध में भोपाल के रोशनपुरा चौराहे पर आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र की मोदी सरकार के सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रोशनपुरा चौराहे पर आप कार्यकर्ता एकजुट हुए। हाथ में स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार को घेरा। आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंकज सिंह ने कहा कि करीब 15 महीने से जांच चल रही है। एक हजार से ज्यादा स्थानों पर छापेमारी की गई। कई लोगों की गिरफ्तारियां हुईं और उन्हें कस्टडी में प्रताड़ित किया गया लेकिन अबतक एक पैसे की भी गड़बड़ी नहीं मिली है। संजय सिंह के यहां भी कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा अब गंदी राजनीति पर उतर आई है।
पंकज सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी के विकास कामों और लोकप्रियता के कारण मोदी सरकार घबराई हुई है। विकास काम के मामले में भाजपा की राज्य सरकारें मुकाबला नहीं कर पाईं तो फिर ये साजिशें और षडयंत्रों के जरिए आम आदमी पार्टी और आम आदमी के मनोबल को तोड़ने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये साबित करता है कि 5 राज्यों के विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा और मोदी जी चुनाव हार रहे हैं।
आप के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव पंकज सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार जांच एजेंसियों का कितना भी दुरुपयोग कर लें, आम आदमी पार्टी के नेताओं को कितना भी प्रताड़ित कर लें लेकिन आखिर में जीत सच्चाई की होगी। आप के सारे नेता बेदाग निकलेंगे। केंद्र सरकार की दमनकारी नीतियों और कुत्सित प्रयासों से आम आदमी पार्टी डरने वाली नहीं हैं। बता दें दिल्ली शराब घोटाले मामले में ईडी ने लंबी पूछताछ के बाद राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।