कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की गंगा यात्रा पर तंज कसा है। उन्होंने सोशल माडिया पर पोस्ट किया कि मुख्यमंत्री जी को ये ज्ञात होना चाहिए कि जिस पूजनीय गंगा माँ के किनारे शांति की तलाश में वो कैमरे की टीम के साथ गये, उस गंगा माँ के ‘गंगाजल’ पर उनके दल की भाजपा सरकार द्वारा ही जीएसटी लगाकर धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया गया है। पीसीसी चीफ ने आगे लिखा कि मुझे आशा है कि भाजपा में भी जो कुछ अच्छे नेता और समर्थक बचे हैं, वो भी ‘गंगाजल पर जीएसटी’ लगाने के हमारे इस विरोध का समर्थन करेंगे। भाजपा ने पहले राजनीति को व्यवसाय बना दिया, अब गंगा के पवित्र जल को भी व्यापार समझकर उस पर भी टैक्स लगा रही है। ‘गंगाजल’ पर टैक्स लगाना भाजपा का आध्यात्मिक भ्रष्टाचार है।
आज आयेंगे वापस
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उत्तराखंड के ऋषिकेश की यात्रा पर हैं। वे यहां मां गंगा और साधु संतों का आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि सीएम हर बार चुनाव में प्रचार शुरू करने पहले देवभूमि पहुंचकर अपने गुरुजनों और मां गंगा से आशीर्वाद लेते हैं। जानकारी के अनुसार वे आज भोपाल वापस लौट आएंगे। मंगलवार को सीएम ने खुद ट्वीट करके अपनी अपनी इस धार्मिक और निजी यात्रा की जानकारी दी थी। गंगा किनारे बैठे कविता लिखते उनका फोटो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।