पुरानी जेल में की गई ईवीएम की सुरक्षा की व्यवस्था
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सात विधानसभा सीटों की कुल 2,049 ईवीएम अरेरा हिल्स स्थित पुरानी जेल में 24 घंटे त्रि-स्तरीय सुरक्षा के बीच रहेंगी। स्थानीय पुलिस के साथ ही केंद्रीय एजेंसियों की कड़ी सुरक्षा यहां पर की गई है। इसके साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारी स्ट्रांग रूम की निगरानी कर रहे हैं।
24 घंटे ईवीएम पर सीसीटीवी के जरिए पैनी नजर रखी जा रही है। वहीं, राजनीतिक दलों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। दल के प्रतिनिधि और प्रत्याशी स्ट्रांग रूम के बाहर स्क्रीन पर ईवीएम देख पाएंगे। इसके लिए जेल परिसर में ही स्क्रीन भी लगाई गई है। बता दें कि मतदान के बाद देर रात तक ईवीएम जमा करवाई गईं हैं।
सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने जेल पहुंचे प्रत्याशी
इधर, भोपाल की सात विधानसभा सीटों के प्रत्याशी ईवीएम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए शनिवार को पुरानी जेल पहुंचे। भोपाल की दक्षिण पश्चिम विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार भगवानदास सबनानी ने पुरानी जेल पहुंचकर ईवीएम की जानकारी ली। इसके साथ ही हुजूर गोविंदपुरा, बैरसिया, नरेला उत्तर और मध्य विधानसभा के प्रतिनिधि भी जेल में ईवीएम की सुरक्षा देखने के लिए पहुंचे।
भोपाल में 66 प्रतिशत मतदान
भोपाल की सात सीटों पर कुल मिलाकर 66 प्रतिशत मतदान हुआ है। इनमें से सबसे अधिक मतदान बेरसिया सीट पर 78 फीसदी दर्ज किया गया है। दक्षिण में 58, मध्य में 60 और उत्तर में 67 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं, गोविंदपुरा में 63, हुजूर में 70 और नरेला में 64 प्रतिशत मतदान हुआ है।