मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) कैलाश मकवाना के सेवा विस्तार को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से पुलिस मुख्यालय ने उनकी विदाई समारोह की तैयारियां रोक दी हैं। राज्य सरकार ने मकवाणा की सेवा अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा है, लेकिन अभी तक इस पर कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। ऐसे में पुलिस विभाग को केंद्र के फैसले का इंतजार है। दरअसल, डीजीपी के सेवानिवृत्त होने पर पुलिस विभाग की ओर से उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी जाती है। इस मौके पर विशेष परेड आयोजित करने की परंपरा है। इसके लिए पुलिस मुख्यालय ने प्रदेश के अलग-अलग जिलों से जवानों को भोपाल बुलाया था। जवान पिछले करीब दो सप्ताह से विदाई परेड की तैयारी कर रहे थे। कई दिनों तक इसकी रिहर्सल भी हुई।