चौकीदारों की हत्या करने वाले सीरियल किलर को भोपाल जिला अदालत ने उम्र कैद की सजा सुनाई है। सीरियल किलर सागर का रहने वाला है। उसने तीन चौकीदारों की सागर के अलग-अलग स्थानों पर हत्या करने के बाद भोपाल के खजूरी थाना क्षेत्र में भी एक चौकीदार की हत्या की थी। भोपाल में हत्या करने से पहले ही सागर पुलिस उसकी तलाश में भोपाल रवाना हो चुकी थी। लेकिन, जब तक भोपाल पुलिस के सहयोग से उसकी लोकेशन का पता चला, वह चौकीदार की हत्या कर चुका था। भोपाल जिला न्यायालय ने शहर में की गई हत्या के मामले में सीरियल किलर को उम्र कैद की सजा सुनाई है। वहीं, सागर में की गई हत्याओं का मामला अभी कोर्ट में विचाराधीन है। सीरियल किलर केजीएफ-2 सहित कुछ अन्य फिल्मों से प्रेरित था।
विशेष लोक अभियोजन सुधाविजय सिंह भदौरिया ने बताया कि अगस्त 2022 में सागर में एक के बाद एक हत्याएं हो रही थीं। पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी थी, इसी बीच 2 सितंबर को भोपाल में भी 23 वर्षीय चौकीदार सोनू वर्मा की खजूरी थाना क्षेत्र में हत्या हो गई। सोनू वर्मा की हत्या के मामले में जब सागर और भोपाल पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो उसकी पहचान शिव गौंड निवासी जिला सागर के रूप में हुई।
सीरियल किलर का कबूलनामा
सीरियल किलर ने बताया कि उसने 28 अगस्त 2022 को सागर में एक चौकीदार की हत्या की थी। इसके बाद 28-29 अगस्त की दरमियानी रात सागर के कैंट क्षेत्र में एक कारखाने में तैनात चौकीदार कल्याण लोधी की हत्या की थी। 29-30 अगस्त की दरमियानी रात गवर्नमेंट आर्ट्स एंड कॉमर्स कॉलेज में ड्यूटी पर तैनात एक अन्य चौकीदार शंभू नारायण दुबे (60) के सिर पर पत्थर मार कर हत्या कर दी। पुलिस दोनों हत्याओं के आरोपी की तलाश में थी, तभी तीसरी हत्या मोती नगर थाना इलाके में 30-31 अगस्त की दरमियानी रात हो गई थी। यहां भी एक मकान की रखवाली करने वाले मंगल अहिरवार के सिर पर वार कर हत्या की गई थी।
कैसे पकड़ा गया हत्या?
सागर में एक बाद एक हुईं तीन हत्यों की जांच के दौरान पुलिस को एक मोबाइल नंबर मिला, जिसकी लोकेशन भोपाल के लालघाटी के पास मिली। सागर पुलिस भोपाल के लिए रवाना हुई और भोपाल पुलिस से संपर्क किया। दोनों जिलों की पुलिस जब उक्त मोबाइल नंबर के अंतिम लोकेशन पर पहुंची तब तक भोपाल के खजूरी क्षेत्र में चौकीदार सोनू वर्मा की हत्या हो चुकी थी। इसी हत्या के मामले में आरोपी शिव गौंड को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई है।