मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को 7,400 से अधिक विद्यार्थियों को ई-स्कूटी वितरित करेंगे। भोपाल के शासकीय सुभाष उत्कृष्ट विद्यालय में सुबह 9 बजे राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। यह वितरण मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के तहत किया जाएगा। योजना के तहत कक्षा 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ई-स्कूटी दी जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना और आगे की उच्च शिक्षा के दौरान कॉलेज आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: एमपी में मंत्री से मिलने के लिए भी अनुमति जरूरी! बिना परमिशन पहुंचे तो होगी कार्रवाई
70% अंक और स्कूल में प्रथम आना जरूरी
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थी का कक्षा 12वीं में प्रथम प्रयास में कम से कम 70 प्रतिशत अंक के साथ अपने स्कूल में प्रथम स्थान पर आना जरूरी है। योजना का लाभ स्कूल शिक्षा और जनजातीय कार्य विभाग के शासकीय हायर सेकंडरी स्कूलों में नियमित रूप से पढ़ने वाले विद्यार्थियों को दिया जाता है। इसमें सभी संकायों के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। योजना के तहत मोटराइज्ड स्कूटी के लिए अधिकतम 90 हजार रुपये और ई-स्कूटी के लिए अधिकतम 1.20 लाख रुपये की राशि प्रदान की जाती है।
ये भी पढ़ें-
मध्यप्रदेश: सहकारी समिति का मैनेजर या बसों का मालिक? EOW छापे में 5 स्लीपर बसें, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
अब तक 23 हजार से ज्यादा विद्यार्थी लाभान्वित
शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए प्रदेश के 7,400 से अधिक पात्र विद्यार्थियों को ई-स्कूटी का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही योजना से अब तक प्रदेश के 23 हजार से अधिक पात्र विद्यार्थी लाभान्वित हो चुके हैं। योजना के संचालन पर अब तक करीब 246 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। सरकार के मुताबिक, मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों की मेहनत और उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें आगे की पढ़ाई के लिए सुविधा देना है। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन मिलने से शिक्षा के प्रति उनका उत्साह बढ़ाने और उच्च शिक्षा में उनकी भागीदारी मजबूत करने में मदद मिल रही है।