मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी मध्य प्रदेश दौरे को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी प्रदेश में आएं, उनका स्वागत है, लेकिन जनता के बीच आने के साथ उन्हें अपने परिवार और कांग्रेस के लंबे शासनकाल का हिसाब भी देना चाहिए। सीएम ने कहा कि कांग्रेस ने वर्षों तक देश की जनता के साथ अन्याय किया है, इसलिए उसे देश से माफी मांगनी चाहिए। भोपाल में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि राहुल गांधी मध्य प्रदेश आने वाले हैं। प्रदेश की धरती पर उनका स्वागत है। उन्होंने राहुल गांधी से कहा कि वे जनता के बीच आएं और अपने परिवार के लंबे शासनकाल के दौरान देश और प्रदेश में रही परिस्थितियों का भी जवाब दें। डॉ. यादव ने कहा कि राहुल गांधी के परनाना, दादी और पिता ने लंबे समय तक केंद्र में सरकार चलाई। उनके शासनकाल में राज्यों की क्या स्थिति रही और जनता को किन समस्याओं का सामना करना पड़ा, इसका जवाब भी राहुल गांधी को जनता के सामने देना चाहिए।