मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय बजट 2024-25 पर कहा कि यह किसानों, महिलाओं, गरीबों, युवाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण एवं उत्थान पर केंद्रित बजट है। उन्होंने कहा कि नई टैक्स रिजीम में बदलाव, मुद्रा ऋण की सीमा बढ़ाने तथा युवाओं के कौशल विकास के लिए विशेष पैकेज के निर्णय ऐतिहासिक हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत में ही विकसित मध्य प्रदेश की संभावना निहित है। उन्होंने कहा यह बजट भविष्य के विकास के लिए एक मजबूत नींव तैयार करता है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि यह बजट किसानों, महिलाओं, गरीबों, युवाओं सहित सभी वर्गों के कल्याण एवं उत्थान पर केंद्रित है। नई टैक्स रिजीम में स्टैंडर्ड डिडक्शन को 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये, मुद्रा ऋण की सीमा 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने तथा 30 लाख युवाओं के कौशल विकास के लिए 2 लाख करोड़ के पैकेज करने का निर्णय ऐतिहासिक है। यह बजट विकसित भारत की ध्येय प्राप्ति का आधार बन हर भारतीय की अपेक्षाओं व आकांक्षाओं को पूर्ण करने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस ऐतिहासिक बजट के लिए प्रधानमंत्री मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का प्रदेशवासियों की ओर से आभार प्रकट करते हुए अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मीडिया के लिए जारी संदेश में यह बात कही।
बजट में देश को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प- वीडी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि मोदी सरकार के नए बजट में देश को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि गरीब, महिलाओं, युवा और अन्नदाताओं को सशक्त बनाने के प्रावधान बजट में किए गए है। यह बजट 2047 के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने वाला बजट है। 100 शहरों में औद्योगिक पार्क डेवलअप होंगे। उन्होंने कहा कि पन्ना में एशिया का सबसे अच्छा डायमंड निकलता है। बजट में डायमंड को लेकर भी प्रावधान किए गए हैं।
विकसित भारत की नींव रखने वाला बजट- शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बजट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह विकसित भारत के निर्माण की नींव रखने वाला का बजट है। वैभवशाली, गौरवशाली, संपन्न, समृद्ध और शक्तिशाली भारत के निर्माण का बजट है, विशेषकर किसान, गरीब, महिलाएं, युवा और मध्यम वर्ग के कल्याण पर विशेष रूप से ध्यान दिया गया है। यह बजट इन सब वर्गों के जीवन में क्रांतिकारी परिवर्तन करेगा। ग्रामीण क्षेत्र को और विकसित करेगा व किसानों की जिंदगी बदलेगा। किसान की दृष्टि से अगर देखें तो इसमें सभी पक्षों पर ध्यान दिया गया है, उत्पादन बढ़ाना, क्योंकि लाभ तभी होगा, जब उत्पादन बढ़ेगा, उसके लिए फल-सब्जी और अनाज की 109 नई वैरायटी जारी की जाएगी, जो जलवायु अनुकूल होगी और ग्लोबल वार्मिंग के मौजूदा खतरे में चाहे ज्यादा तापमान हो या कम पानी हो, अच्छा उत्पादन देगी। चौहान ने कहा कि न केवल उत्पादन बढ़ाने की बात है, अपितु इस बजट में लागत घटाने के प्रयत्न भी हैं, किसान क्रेडिट कार्ड हो या सस्ता ऋण हो, उनके कारण किसानों की लागत घटेगी। मंत्री ने कहा कि यह किसानोंके सशक्तिकरण और कृषि के आधुनिकीकरण को समर्पित बजट हैं।
मध्य प्रदेश को अपने हिस्से के 97 हजार 906 करोड़ रुपये मिलेंगे- देवड़ा
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन को सार्थक करने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि बजट में रोजगार पर विशेष फोकस किया गया है। बजट में किए गए प्रावधानों से मध्य प्रदेश के विकास पर व्यापक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय करों से मध्य प्रदेश को अपने हिस्से के 97 हजार 906 करोड़ रुपये मिलेंगे। देवड़ा ने कहा कि बजट भारत के संपूर्ण विकास का बजट है। जनता के विश्वास का बजट है। भारत के भविष्य को नई दिशा देने वाला और गरीबों, नारी शक्ति, युवाओं और किसानों का बजट है। युवाओं के लिए नई आशाएं जगाने वाला बजट है।