सीएस अशोक वर्णवाल, जनगणना निदेशक संजीव श्रीवास्तव
- फोटो : अमर उजाला
जनगणना के आंकड़े सिर्फ आबादी की संख्या बताने का माध्यम नहीं, बल्कि सरकार की विकास योजनाओं का रोडमैप तैयार करने का आधार हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं का नियोजन इन्हीं आंकड़ों के आधार पर किया जाता है। इसलिए जनगणना में हर व्यक्ति की जानकारी का सही और व्यवस्थित तरीके से संकलन जरूरी है। मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने बुधवार को भोपाल में आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सम्मेलन में संभागायुक्तों, कलेक्टरों और नगर निगम आयुक्तों को यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना के लिए अधिकारियों को दिए जा रहे प्रशिक्षण को गंभीरता से लें और इसकी जानकारी मैदानी स्तर पर काम करने वाले प्रगणकों और पर्यवेक्षकों तक सही तरीके से पहुंचाएं। जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासन एवं प्रबंधकीय अकादमी में आयोजित सम्मेलन में प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
ये भी पढ़ें-
एमपी: भोपाल-विदिशा के बीच 1757 करोड़ से बनेगा फोरलेन, गंजबासौदा को तीन बड़ी सड़कों की सौगात
पहली बार स्व-गणना का भी विकल्प
जनगणना की इस बार की प्रक्रिया में आम लोगों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने का विकल्प मिलेगा। 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना होगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना करेंगे। एक से पांच मार्च तक पुनरीक्षण का काम होगा। इस पूरी प्रक्रिया में 40 सवाल पूछे जाएंगे। बेघर लोगों की गणना भी की जाएगी।
ये भी पढ़ें-
एमपी: नितिन नवीन के वीडियो को लेकर भोपाल में सियासी घमासान, भाजपा ने पीसी शर्मा के खिलाफ की शिकायत
35 दिन में पूरी होगी गणना प्रक्रिया
भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय के उप महानिदेशक विश्वजीत दास ने बताया कि जनगणना के लिए 35 दिन की अवधि निर्धारित की गई है। नागरिकों की ओर से दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। जनगणना से प्राप्त आंकड़े जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों के नियोजन में उपयोगी होंगे। जनगणना निदेशक संजीव श्रीवास्तव ने डिजिटल रोडमैप, संगठनात्मक ढांचे और गणना की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने जनगणना अधिनियम 1948 और जनगणना नियम 1990 के प्रावधानों के साथ मीडिया और सोशल मीडिया के जरिए जागरूकता बढ़ाने की कार्ययोजना भी बताई।