मध्य प्रदेश की दो विधानसभा सीटों बुधनी और विजयपुर पर उप चुनाव होने हैं। इसके लिए शनिवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन कोई भी नामांकन नहीं हुआ। 25 अक्टूबर को नाम निर्देशन पत्र भरने की अंतिम तारीख है। इधर दोनों सीटों पर दोनों प्रमुख दलों के अधिकृत प्रत्याशियों के नाम भी सामने नहीं आए हैं।
बता दें श्योपुर जिले की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्र. 02-विजयपुर और सीहोर जिले की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र क्र. 156-बुधनी में उप निर्वाचन के संबंध में नाम निर्देशन-पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ हो गई है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह ने बताया कि श्योपुर और सीहोर जिले की सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र में आदर्श निर्वाचन आचार संहिता पूरी तरह से प्रभावशील है। उन्होंने बताया कि नाम-निर्देशन पत्र दाखिल करने के पहले दिन दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कोई भी नाम-निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं हुआ।
उप निर्वाचन का सम्पूर्ण कार्यक्रम
शनिवार से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। नाम-निर्देशन पत्र भरने की अंतिम तारीख 25 अक्तूबर तय की गई है। 28 अक्तूबर तक नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा होगी। 30 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 13 नवंबर को मतदान होना है। मतगणना 23 नवंबर को होगी।
प्रत्याशियों के नाम आना बाकी
बता दें कि भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों ने चुनाव जीतने के लिए ताकत झोंकनी शुरू कर दी है। हालांकि दोनों पार्टी ने अधिकृत प्रत्याशी के नाम घोषित नहीं किए हैं। विजयपुर से वैसे भाजपा की ओर से रामनिवास रावत का नाम लगभग तय है, क्योंकि उन्हें भाजपा में शामिल करते ही मंत्री बना दिया गया है। वहीं बुधनी से रमाकांत भार्गव सहित कई नाम चर्चा में हैं। शिवराज सिंह के बड़े बेटे कार्तिकेय का नाम भी कार्यकर्ता उठा चुके हैं। कांग्रेस की ओर से कार्यकर्ताओं से फीडबैक लिया जा रहा है, जिताऊ नाम पर विचार किया जा रहा है। जल्द ही नाम सामने आ सकते हैं।