वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट प्रस्तावों को पढ़ते हुए कहा कि प्रत्येक युवा की अभिलाषा रहती है कि वह शिक्षित, प्रशिक्षित और रोजगारयुक्त रहे। हमारी सरकार युवाओं की इस अभिलाषा को पूरा करने के लिए साथ दे रही है।
मध्यप्रदेश सरकार ने 2023-24 के बजट में युवा शक्ति के सपनों को पंख देने के लिए बड़े प्रावधान किए हैं। सरकार ने एक लाख से अधिक पदों पर भर्तियों की घोषणा की है। साथ ही पूरा जोर स्वरोजगार और ट्रेनिंग पर दिया गया है।
वित्तमंत्री जगदीश देवड़ा ने बजट प्रस्तावों को पढ़ते हुए कहा कि प्रत्येक युवा की अभिलाषा रहती है कि वह शिक्षित, प्रशिक्षित और रोजगारयुक्त रहे। हमारी सरकार युवाओं की इस अभिलाषा को पूरा करने के लिए साथ दे रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने शासकीय सेवा में एक लाख से अधिक नई नियुक्तियां देने का अभियान शुरू किया है। भोपाल के संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क में छह हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसी तर्ज पर ग्वालियर, जबलपुर, रीवा और सागर में भी स्किल सेंटर प्रस्तावित है।
देवड़ा ने कहा कि 2022-23 में सरकार ने सभी जिलों में 432 रोजगार मेले आयोजित किए। इसमें 40 हजार से अधिक युवाओं को ऑफर लेटर प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुद्रा योजना और अन्य स्वरोजगार योजनाओं में 46 लाख 58 हजार से अधिक आवेदकों को बैंकों के माध्यम से 30 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ऋण स्वीकृत किया गया है। जल्द ही मुख्यमंत्री कौशल एप्रेन्टिसशिप योजना शुरू की जाएगी। इस पर एक हजार करोड़ रुपये का खर्च प्रस्तावित है।
1,000 करोड़ रुपये की एप्रेन्टिसशिप योजना। इसके तहत युवाओं को उद्योगों में एप्रेन्टिसशिप के लिए स्टायपेंड राशि उपलब्ध कराई जाएगी।
एक लाख सरकारी नौकरियां देने का अभियान शुरू कर दिया है।
450 करोड़ रुपये से भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर, सागर और रीवा में स्किल पार्क विकसित होंगे।
100 करोड़ रुपये मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत युवाओं को स्वरोजगार के लिए बैंक के माध्यम से रियायती ब्याज दर कोलेटरल मुक्त लोन उपलब्ध कराया जाएगा।