हिमाचल प्रदेश के मनाली स्थित होटल में हुई भोपाल की युवती की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। दरअसल युवती पांच मई को अपनी भाभी का मोबाइल फोन लेकर घर से निकली थी। इस मोबाइल में लगी दो सिमों को बंद कराने के लिए भाई ने शाहपुरा थाने में आवेदन दिया था। भाई ने मोबाइल का दुरुपयोग रोकने और दूसरी सिम जारी करवाने के लिए आवेदन देने का उल्लेख किया था। हालांकि उसने बहन के गुमने की कोई रिपोर्ट नहीं दर्ज कराई थी।
जानकारी के अनुसार भोपाल के शाहपुरा थानांतर्गत अजय नगर में रहने वाली 23 वर्षीय युवती अपने माता-पिता के साथ रहती थी। उसका बड़ा भाई अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बगल वाले मकान में रहता है। युवती के पिता आटो चलाते हैं, जबकि मां बंगलों में काम करती है। भाई प्रायवेट काम करता है। उसकी पत्नी के पास सैमसंग कंपनी का एक मोबाइल था, जिसमें वीआई जियो की दो सिम लगी हुई हैं। यह मोबाइल फोन युवती के पिता उपयोग करते हैं। बीती पांच मई को युवती यह फोन लेकर घर से गायब हो गई थी। भाई ने उसी दिन थाने जाकर बहन द्वारा मोबाइल फोन लेकर जाने, दोनों सिमों को बंद कराने और दूसरी सिम जारी करवाने के लिए आवेदन दिया था। पुलिस ने उसकी यह शिकायत रोजनामचे में दर्ज कर ली थी, लेकिन भाई ने बहन के गुमने की कोई शिकायत नहीं की।
बुधवार की रात मनाली से आई हत्या की सूचना
बुधवार देर रात मनाली पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क कर बताया कि उसकी मनाली के एक होटल में हत्या हो गई है। हत्या करने वाले साथी विनोद ठाकुर निवासी हरियाणा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि युवक और युवती की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। उसके बाद युवती विनोद से मिलने के लिए घर से निकली थी। बीती 13 मई को दोनों मनाली के एक होटल में ठहरे थे, जहां युवती की आईडी का उपयोग किया गया था। 15 मई को युवक ने होटल छोड़ा और जाने के लिए टैक्सी बुलवाई। टैक्सी में बैग रखते समय वजन ज्यादा होने के कारण होटलकर्मियों को संदेह हुआ तो उन्होंने विनोद को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला। बाद में पुलिस ने उसे बस स्टैंड से दबोच लिया था। सूचना के बाद युवती के परिजन शव लेने के लिए मनाली पहुंच गए हैं।