मध्यप्रदेश में भी इस बार का बजट वित्त मंत्री पेपर पर नहीं टेबलेट पर पढ़ेंगे। मंगलवार को हुई बैठक में ये फैसला लिया गया। बता दें कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने भी टेबलेट पर ही आम बजट पढ़ा था।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट की बैठक में तय किया गया है कि इस बार प्रदेश का बजट भी पेपरलेस यानी डिजिटल होगा। वित्तमंत्री विधानसभा में टेबलेट पर बजट प्रस्तुत करेंगे। मप्र पहला राज्य होगा जिसका बजट ऑनलाइन पेश किया जाएगा।
मध्यप्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 22 फरवरी से शुरू होने वाला है। बजट सत्र कुल 33 दिन तक चलेगा। इस दौरान अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के साथ प्रदेश का बजट भी पेश किया जाएगा। कोरोनाकाल में इस साल केंद्र की तर्ज पर मध्यप्रदेश का बजट भी पेपरलेस होगा।