आरटीआई कार्यकर्ता अजय दुबे ने वन विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
- फोटो : अमर उजाला
कूनो नेशनल पार्क में चीता प्रोजेक्ट की मॉनिटरिंग को लेकर सवाल उठाए गए हैं। वन्यजीव मुख्यालय भोपाल में दाखिल आरटीआई आवेदन में कूनो में चीतों की मौत से जुड़ी पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चीता प्रोजेक्ट के तहत अधिकारियों के विदेशी दौरों से संबंधित दस्तावेज मांगे गए थे। मुख्यालय के लोक सूचना अधिकारी ने 17 सितंबर 2026 के आदेश के जरिए आवेदन कूनो राष्ट्रीय उद्यान के वनमंडलाधिकारी (DFO) को ट्रांसफर कर दिया है। आरटीआई आवेदक और वन्यजीव कार्यकर्ता अजय दुबे ने 1 जनवरी 2024 से सूचना दिए जाने की तारीख तक मृत चीतों से संबंधित रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मांगी है। आवेदन में यह भी पूछा गया है कि चीतों की मौत के मामलों में जांच और पोस्टमार्टम से जुड़ी क्या कार्रवाई की गई। इसके अलावा कूनो नेशनल पार्क, गांधी सागर अभयारण्य और रानी दुर्गावती नौरादेही टाइगर रिजर्व में चीतों के संरक्षण और प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के विदेशी दौरों के रिकॉर्ड भी मांगे गए हैं। इनमें एनटीसीए तथा केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से हुए पत्राचार और संबंधित दस्तावेज शामिल हैं।