राजधानी भोपाल में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद हो रहे हैं। आए दिन मारपीट के मामले सामने आ रहे हैं। अब राजधानी भोपाल के सिटी बस में ड्राइवर से मारपीट करने का मामला सामने आया है। दरअसल भोपाल के 11 मिल इलाके में एक चलती सिटी बस में दो युवकों ने गुंडागर्दी की। फिल्मी स्टाइल में वे बस में चढ़े और ड्राइवर को लात-घुसों से पीटने लगे। इससे ड्राइवर को गंभीर चोंट आई हैं। युवकों ने ड्राइवर को बचाने आए यात्रियों को भी धमकाया। इससे उनमें दहशत फैल गई। वे इतने डर गए कि बसों से उतरकर भागने लगे। पूरी घटना बस में लगे सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई। यह वीडियो करीब डेढ़ मिनट का है।ड्राइवर के साथ मारपीट के बाद बदमाशों ने सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। हालांकि, रिकॉर्डिंग पहले ही सर्वर में सेव हो गई थी।
यह है पूरा ममला
बीसीएलएल के अधिकारियों के अनुसारा घटना मंगलवार दोपहर 1.45 बजे की है। सिटी बस नंबर एमपी 04 पीए 4424 सीहोर नाका से मंडीदीप जा रही थी। तभी प्राइवेट बस के दो कर्मचारी सिटी बस में चढ़ गए। अंदर पहुंचते ही उन्होंने ड्राइवर विवेक उधावनी को लात-घुसों से पीटना शुरू कर दिया। ड्राइवर के साथ दोनों युवक काफी देर तक मारपीट करते रहे। एक यात्री ने जब ड्राइवर को बचाने की कोशिश की तो दोनों युवकों ने उसे धमका दिया। गौरतलब है कि करीब एक साल पहले हाईकोर्ट के आदेश के बाद नगर निगम की सीमा के बाहर 25 किलोमीटर के दायरे में आ रहे भोपाल से मंडीदीप और बिलकिसगंज के लिए बसों का संचालन बीसीएलएल ने बंद कर दिया था। आठ महीने पहले मंडीदीप के लिए सेवा फिर से शुरू कर दी गई। दो में से एक बस ऑपरेटर ने 25 जनवरी और दूसरे ने 26 जनवरी को बसों का संचालन शुरू किया। इसके बाद इस रूट पर कुल 45 बसें दौड़ने लगी। इस रूट पर हर रोज 20 हजार से ज्यादा यात्री सफर करते हैं।
इसलिए बनती है मारपीट की स्थिति
प्राइवेट बस संचालक अपनी बसों में अधिक से अधिक सवारियां बैठाना चाहते हैं। इसके चलते कई बार सिटी बस के ड्राइवर और कंडक्टर से विवाद किया जाता है। हर महीने इस तरह के मामले सामने आते हैं। मंगलवार को जिस सिटी बस के ड्राइवर विवेक के साथ लात-घुंसों से मारपीट की गई।उसने बताया कि प्राइवेट बस के कर्मचारी अक्सर धमकी देते हैं कि एक किमी आगे-पीछे न रहे। सवारी हम ही बैठाएंगे। मंडीदीप से भोपाल में ही सवारी बैठाए। रास्ते में कहीं भी सवारी को न बैठाया जाए।