हज 2025 के लिए दो बार बढ़ाई जा चुकी आवेदन तारीख में अब बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। इसके लिए तय की गई तारीख 30 सितंबर को ही अंतिम तारीख रखते हुए आगे के हज शेड्यूल तय किया जाएगा। सेंट्रल हज कमेटी ने देशभर की सभी हज कमेटियों को इस बारे में अवगत करा दिया है।
हज कमेटी ऑफ इंडिया के सीईओ लियाकत अली आफावी से हस्ताक्षरित पत्र में इस बारे में सूचित किया गया है। हज कमेटियों को हिदायत दी गई है कि वे अपने कार्यालयों से 30 सितंबर तक मिले आवेदन के लिहाज से तैयारियों को अंजाम दें। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि हज आवेदन की अंतिम तारीख में अब बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। इसके चलते सभी हज आवेदकों के कवर नंबर जारी करने की प्रक्रिया 3 अक्टूबर को शाम 4 बजे से पहले जारी कर दें। इसके मुताबिक कुल आवेदनों में से तय कोटे के मुताबिक हाजियों के नामों का चयन किया जाएगा।
कंप्यूटराइज्ड कुर्रा से होंगे नाम तय
हज 2025 के लिए सेंट्रल हज कमेटी मुंबई कंप्यूटराइज्ड कुर्रा किया जाएगा। 4 अक्टूबर को होने वाली यह प्रक्रिया सभी प्रदेशों में ऑनलाइन देखी जा सकेगी। नामों के चयन की सूचना हज कमेटी की वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी। इसके अलावा प्रदेश हज कमेटी भी इसकी सूचना व्यक्तिगत तौर से एसएमएस और टेलीफोन के जरिए पहुंचाएगी।
दो बार बढ़ चुकी आवेदन तारीख
हज 2025 के लिए आवेदन की प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू की गई थी। पहले चरण में इसके लिए 9 सितंबर तक अंतिम तिथि तय की गई थी। लेकिन इस तारीख तक आवेदनों की निराशाजनक स्थिति के चलते इसमें इजाफा कर दिया गया था। आवेदन की नई तारीख 23 सितंबर दी गई और इसके बाद इसको 30 सितंबर तक और बढ़ा दिया गया था।
अगले महीने देना पड़ेगी पहली किस्त
सूत्रों का कहना है कि 4 अक्टूबर को हज यात्रियों के नाम तय हो जाने के बाद संभवतः अगले सप्ताह में हज खर्च की पहली किस्त की मांग कर सकती है। बताया जा रहा है कि पहली किस्त के तौर पर चयनित हज आवेदकों को करीब 80 हजार रुपए प्रति यात्री जमा करने होंगे।
(भोपाल से खान आशु की रिपोर्ट)