भोपाल के सूखीसेवनिया थाना क्षेत्र के प्रेमपुरा गांव के बंजारा टोला में बीती रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। शराब के नशे में घर पहुंचे 31 वर्षीय बेटे ने खाना मांगने पर पिता द्वारा काम-धंधा करने और बकरी चराने की सलाह देने से नाराज होकर उन पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 55 वर्षीय पिता की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने पहुंची मां को भी आरोपी ने धक्का देकर गिरा दिया। वारदात के बाद आरोपी कुल्हाड़ी लेकर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, प्रेमपुरा निवासी फूल सिंह लोधी (55) पत्नी और बच्चों के साथ रहते थे। उनका इकलौता बेटा धर्मेंद्र लोधी (31) बेरोजगार था और अक्सर आवारागर्दी करता था। बीती रात करीब नौ बजे धर्मेंद्र शराब के नशे में घर पहुंचा और पिता से खाना मांगा। फूल सिंह ने उसे पहले काम-धंधा करने और बकरी चराने जाने की बात कही। इसी बात पर उन्होंने उसे खाना देने से इनकार कर दिया।
पढ़ें: ओवैसी का UCC पर बड़ा बयान, बोले- एक धर्म के कानून दूसरे पर थोपना गलत; BJP सहयोगियों से विरोध की अपील
खाना नहीं देने पर विवाद, कुल्हाड़ी से किए ताबड़तोड़ वार
खाना नहीं देने की बात पर धर्मेंद्र पिता से गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और फूल सिंह पर हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि फूल सिंह जब लेटे हुए थे, तभी आरोपी ने उनकी कमर पर कुल्हाड़ी से पहला वार किया। इसके बाद पीठ के दाहिने हिस्से पर लगातार तीन वार किए। गंभीर चोट लगने से फूल सिंह जमीन पर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी उन्हें बचाने पहुंचीं तो धर्मेंद्र ने उन्हें भी धक्का देकर गिरा दिया। इसके बाद वह कुल्हाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत
घटना के बाद परिजन और पड़ोसी घायल फूल सिंह को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। आरोपी धर्मेंद्र की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में वारदात की वजह शराब के नशे में खाना देने से इनकार करने और काम करने की समझाइश को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। परिवार में एक बेटी भी है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई गई है।