अवैध शराब तस्करी रोकने गए देवास के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी को ट्रक से कुचलने से मौत मामले में सियासत भी तेज हो गई हैं। भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला हैं। मध्यप्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग ने आरोप लगाया कि इस प्रकरण के तार कांग्रेस नेताओं से जुड़े दिखाई दे रहे हैं। सारंग ने कांग्रेस नेता राहुल जायसवाल और उनके भाई मनीष जायसवाल का नाम लेते हुए कहा कि दोनों टिमरनी की उस शराब दुकान में पार्टनर हैं, जिसके तार इस मामले से जुड़ रहे हैं। दुकान के मैनेजर भूपेंद्र राणा ने भी पुलिस को इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। सारंग ने कहा कि राहुल जायसवाल खातेगांव विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी हैं और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के करीबी माने जाते हैं। ऐसे में कांग्रेस नेतृत्व को इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए।