मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर मुस्लिमों को वोट बैंक की तरह इस्तेमाल करने और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इसी राजनीति के कारण कांग्रेस ने आजादी से पहले राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के कुछ महत्वपूर्ण हिस्सों का विरोध किया था। मुख्यमंत्री ने सोमवार को निवाड़ी जिले की धार्मिक नगरी ओरछा में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस आज भी उसी नीति पर चल रही है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे लोगों के बीच जाकर केंद्र और मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की उपलब्धियों को बताएं। मोहन यादव ने कार्यकर्ताओं से यह भी कहा कि प्रदेशभर में कांग्रेस की कथित तुष्टिकरण की राजनीति के खिलाफ माहौल तैयार किया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ कांग्रेस की नीतियों के बारे में भी लोगों को जागरूक करना चाहिए।