मध्य प्रदेश में पिछले माह शुरू हुई पीएम श्री वायुसेवा को लेकर कांग्रेस नेता ने बड़ा आरोप लगया है। भोपाल पार्टी ऑफिस में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस प्रवक्ता अब्बास हफीज ने कहा कि 'पिछले हफ्ते मैंने परिवार के साथ भोपाल से जबलपुर की यात्रा की। मेरे बच्चों को टॉयलेट वाली सीट मिली थी। ये बहुत शर्मिंदगी भरा अनुभव था। पीएम श्री वायुसेवा योजना में अटैच्ड फ्लाई ओला कंपनी के 4 सीटर प्लेन में 6 पैसेंजर्स को ले जाया गया। स्टाफ सीट और प्लेन के पिछले हिस्से में टॉयलेट पर सीट लगाकर यात्रा कराई जा रही है। यात्रियों को सीट नंबर असाइन नहीं होते। जो पहले पहुंच जाता है, वो आगे की सीट पर बैठ जाता है। बाद में पहुंचने वाले को टॉयलेट सीट मिली है। उन्होंने दावा किया है कि सरकार की यह योजना पूरी तरह फेल हो गई है। बुकिंग नहीं मिल रही है जबकि डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ला ने एक प्रेस वार्ता में दावा किया था कि अगले दो महीने तक पूरी सीटें फुल हैं। प्रदेश के 8 शहरों के लिए 1 महीने पहले पीएम श्री वायुसेवा योजना शुरू की गई है।
डिप्टी सीएम दावे झूठे साबित
अब्बास हफीज ने डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला का एक वीडियो दिखाते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने झूठ बोला कि 2 महीने की एडवांस बुकिंग चल रही है। प्रदेश सरकार की योजनाएं सिर्फ कागज पर ईवेंट बनाने के लिए होती हैं। सरकार ने पीएम श्री वायुसेवा बडे़ धूमधाम से शुरू की थी। दावा किया गया था कि मध्यप्रदेश को जोड़ने के लिए सस्ता सफर होगा। लेकिन, 1 महीने बाद इस योजना में दिया जा रहा किराए में 50% डिस्काउंट खत्म कर सिर्फ 20% छूट दी जा रही है। अब इस सेवा में बुकिंग तक नहीं हो रही, क्योंकि किराया बहुत ज्यादा है।