मध्यप्रदेश में खाली पड़े नगरीय निकाय और पंचायत पदों पर उपचुनाव का कार्यक्रम घोषित हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक 29 सितंबर 2026 को मतदान होगा। चुनाव की प्रक्रिया 8 सितंबर से नामांकन के साथ शुरू होगी। नगरीय निकायों के नतीजे 3 अक्टूबर को आएंगे, जबकि पंचायतों के परिणाम पद के अनुसार 3 और 5 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। निकाय चुनाव में आगर-मालवा के सुसनेर, टीकमगढ़ नगरपालिका और धार जिले की कुक्षी नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव होगा। इसके अलावा अलग-अलग नगरीय निकायों के 26 पार्षद पदों पर भी उपचुनाव कराया जाएगा।
ये भी पढ़ें-
महाकाल लोक की तर्ज पर अब ओरछा की बारी! रामराजा लोक से बदलेगी श्रीराम राजा की नगरी की तस्वीर
8 सितंबर से नामांकन, 18 को नाम वापसी
निर्वाचन आयोग के अनुसार 8 सितंबर को चुनाव की सूचना जारी होने के साथ नामांकन शुरू होगा। उम्मीदवार 15 सितंबर तक नामांकन जमा कर सकेंगे। 16 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। उम्मीदवार 18 सितंबर तक नाम वापस ले सकेंगे। इसी दिन चुनाव चिन्ह भी आवंटित किए जाएंगे। नगरीय निकायों में 29 सितंबर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से होगी।
ये भी पढ़ें-
ओरछा में बना 2047 का रोडमैप: सरकार के कामों को घर-घर पहुंचाने और बूथ मजबूत करने की बनी रणनीति
पंचायतों में 7 जिला पंचायत सदस्य के लिए चुनाव
पंचायत उपचुनाव में 7 जिला पंचायत सदस्य, 28 जनपद पंचायत सदस्य, 110 सरपंच और 4090 पंच पदों के लिए चुनाव होगा। पंचायतों में मतदान 29 सितंबर को सुबह 7 से दोपहर 3 बजे तक होगा। पंच पद के वोटों की गिनती मतदान खत्म होने के तुरंत बाद मतदान केंद्र पर ही होगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य के लिए ईवीएम से मतगणना 3 अक्टूबर को विकासखंड मुख्यालय पर सुबह 8 बजे से होगी। इसी दिन इनके परिणाम भी घोषित किए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य और पंच पद के परिणाम 5 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे घोषित होंगे।
ये भी पढ़ें-
ओरछा से भाजपा का बुंदेलखंड प्लान: केन-बेतवा को बनाया विकास का आधार, बूथ-मंडल मजबूत करने पर जोर
इन शहरों में पार्षद पद पर उपचुनाव
इंदौर नगर निगम के वार्ड 58 और 60, ग्वालियर के वार्ड 5, सागर के वार्ड 11, कटनी के वार्ड 41, खंडवा के वार्ड 34 और एक अन्य वार्ड समेत कई नगरीय निकायों में पार्षद पदों पर चुनाव होगा। दमोह, इटारसी, मुलताई, दतिया, कोतमा, आष्टा और विदिशा में भी खाली पार्षद पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। नगर परिषदों में फूफ, चाकघाट, लोहारदा, कोटर, जैतवारा, सिलवानी, बड़ौदा, बरघाट, कसरावद, पिपलिया मंडी, निवाली बुजुर्ग और कुक्षी के संबंधित वार्डों में भी उपचुनाव होगा। इस चुनाव कार्यक्रम के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। उम्मीदवारों के नामांकन के बाद स्थानीय स्तर पर मुकाबले की तस्वीर भी साफ होगी।