मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। जहां फाइनल उम्मीदवार के लिए एक महीने की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी वहीं, अब वोटिंग को लेकर तारीख जारी हो गई है। जारी शेड्यूल के अनुसार प्रदेश में 20 जून की सुबह 9 बजे से मतदान और सदस्यता प्रक्रिया शुरू होगी जो 19 जुलाई की शाम तक चलेगी। इसमें वोटिंग के लिए जो फॉर्मूला तय किया गया है उसके मुताबिक 50 रुपए की सदस्यता फीस जमा कर सदस्य बनने के बाद यूथ कांग्रेस के छह पदों के लिए वोटिंग की जा सकती है। इधर यूथ कांग्रेस के महासचिव के लिए आरक्षित ट्रांसजेंडर सीट पर उम्मीदवार नहीं मिल पाया है। दरअसल यूथ कांग्रेस ने पहली बार ट्रांसजेंडर के लिए सीट अरक्षित की थी।
इन पदों के लिए की जाएगी वोटिंग
युवा कांग्रेस के जिन पदों के लिए वोटिंग की जाएगी उसमें ब्लाक अध्यक्ष, एसेंबली प्रेसिडेंट, जिला अध्यक्ष व जिला महासचिव, प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश महासचिव के पद शामिल हैं। एक सदस्य छह वोट डालेगा और इसके बाद होने वाली मतगणना के आधार पर परिणाम सामने आएंगे।
यह भी पढ़ें- जालसाज ने व्यवसायी को लगाई 3.81 लाख की चपत, RTGS से भुगतान कर खरीद लिया सोना
अध्यक्ष पद के लिए 18 प्रत्याशी मैदान में
युवा कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए कुल 18 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं वहीं प्रदेश महासचिव पद के लिए 178 प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। चुनाव कार्य से संबद्ध पदाधिकारियों के अनुसार सदस्यता फीस 20 जून से 21 जुलाई को शाम पांच बजे तक स्वीकार की जाएगी। जबकि चुनाव के लिए मतदान 20 जून की सुबह 9 बजे से शुरू हो जाएगा तो 19 जुलाई को शाम पांच बजे तक रहेगा।