राजधानी भोपाल के अलग-अलग क्षेत्र में शराब की दुकान खुलने का विरोध काफी समय से चल रहा है। विरोध के बाद भी शासन-प्रशासन किसी प्रकार का एक्शन लेता नजर नहीं आ रहा है। भोपाल के सेमरा गेट साईंराम कॉलोनी के लोगों ने गुरुवार से गांधीवादी तरीके से प्रदर्शन शुरू कर दिया। यह प्रदर्शन शराब दुकान की शिफ्टिंग न होने पर किया जा रहा है। इसमें महात्मा गांधी की वेशभूषा में छोटे बच्चे भी शामिल हुए। जिस जगह पर शराब दुकान है, ठीक उसके सामने ही रह वासियों द्वारा प्रदर्शन किया जा रहा है ताकि, जिम्मेदार दुकान को शिफ्ट कर दें।
प्रदर्शन में नशा मुक्ति चलाने वाला संगठन भी हुआ शामिल
नशा मुक्ति चलाने वाली भगवती मानव कल्याण संगठन की भोपाल इकाई के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुआ। संगठन का कहना है कि जब तक शराब की दुकान यहां से हटती नहीं है तब तक हम रहिवासियों के साथ आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर जारी रखेंगे। गौरतलब है कि दुकान की शिफ्टिंग को लेकर रहवासी सुंदरकांड का पाठ, राहगीरों को गुलाब के फूल और आबकारी विभाग की प्रतीकात्मक रूप से शव यात्रा तक निकाल चुके हैं। 18 दिन से यह प्रदर्शन चल रहा है।
पिछले 18 दिन से अलग-अलग तरीके से कर रहे प्रदर्शन
प्रदर्शन कर रहे जीतू मरोठिया ने बताया कि दुकान हटाने की मांग को लेकर लगातार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इससे पहले सद्बुद्धि के लिए हवन भी कर चुके हैं। बावजूद अब तक दुकान को हटाने की पहल नहीं की गई। डॉ. अंबेडकर जयंती पर लोगों को शरबत भी पिलाया था।उन्होंने बताया कि बच्चों और महिलाओं को परेशानी होती
यह भी पढ़ें-स्वच्छता सर्वेक्षण की दूसरी टीम कभी भी भोपाल में दे सकती है दस्तक, सर्वे के लिए भोपाल तैयार
महिलाएं बोली शराबी करते हैं गंदी हरकतें
क्षेत्र की महिलाओं का कहना है कि कई बार शराबी गंदी हरकतें करते हैं, जिससे बच्चों और महिलाओं को परेशानी होती है। कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिलता है। रहवासी विशाल कुरील, छोटू प्रजापति, शुभ जनता ने कहा कि शांतिपूर्वक प्रदर्शन के बावजूद अब तक शराब की दुकान नहीं हटाई गई है। इसलिए अब उग्र प्रदर्शन करेंगे।
यह भी पढ़ें-मध्य प्रदेश के 9 जिलों का तापमान 40 डिग्री पार, आज और बढ़ेगी गर्मी, दो दिन बाद बदलेगा मौसम
कलेक्टर की 7 जनसुनवाई में लगा चुके हैं गुहार
कॉलोनी के लोग पिछली 7 कलेक्टर जनसुनवाई में शराब दुकान को दूसरी जगह पर शिफ्ट करने की भी मांग कर चुके हैं। कई महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर अफसरों के पास पहुंची थी। महिलाओं ने जल्द दुकान शिफ्ट नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी थी।