भोपाल के कोहेफिजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। बैरागढ़ से भोपाल की ओर आ रही एमपी-04-पीए-3871 नंबर की यात्री बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई। बस अवधपुरी की दिशा में जा रही थी। हादसे के समय बस में चालक और कंडक्टर सहित करीब छह यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
अचानक सामने आई कार, बस चालक ने लिया त्वरित फैसला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर करीब 3:15 बजे एक कार अचानक बस के सामने आ गई। टक्कर से बचने के लिए बस चालक ने फौरन स्टेयरिंग मोड़ी, लेकिन रफ्तार अधिक होने के कारण बस नियंत्रण खो बैठी और सीधे डिवाइडर पर चढ़ गई। झटका इतना तेज था कि बस के अगले दोनों पहिए अपनी जगह से बाहर आ गए और सामने का विंडशील्ड ग्लास पूरी तरह टूटकर बाहर निकल आया।
यह भी पढ़ें
-रन भोपाल रन में दिखी फिट भोपाल की ताकत, हजारों धावकों ने स्वास्थ्य और स्वच्छता का संकल्प लिया
मौके पर पहुंची पुलिस, क्रेन से हटाई गई बस
घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी केजी शुक्ला ने बताया कि हादसे के बाद बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया जा रहा है। सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी को कोई चोट नहीं आई है। हादसे के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, हालांकि पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभाल ली।
यह भी पढ़ें-
आशा-उषा संगठन की नई राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं MP की नर्मदा ठाकरे,16 दिसंबर को जंतर-मंतर पर होगा प्रदर्शन
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने बस चालक और कार चालक के बयान दर्ज कर लिए हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर यह हादसा अचानक कार के सामने आ जाने और तेज रफ्तार के कारण हुआ बताया जा रहा है।