गुनगा थानांतर्गत ग्राम रतुआ स्थित पेट्रोल पंप के पास एक तेज रफ्तार कार ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग मां और जवान बेटे की मौत हो गई, जबकि नाबालिग पोती गंभीर रूप से घायल हुई है। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
थाना प्रभारी हरिशंकर वर्मा ने बताया कि देव उर्फ देवी सिंह ठाकुर पुत्र बटनलाल (40) ग्राम फतेहपुर थाना सूखी सेवनिया में रहते थे। शुक्रवार को वह अपनी मां प्रेमबाई ठाकुर (70) और बेटी वर्षा ठाकुर (14) के साथ बाइक से बैरसिया रिश्तेदारी में जा रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे तीनों लोग गुनगा थानांतर्गत ग्राम रतुआ स्थित पचौरी पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे, तभी बैरसिया की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार सिल्वर कलर की कार के चालक ने देवी सिंह की बाइक में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही तीनों लोग सड़क पर गिरकर बुरी तरह से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद देवीसिंह और उनकी मां प्रेमबाई को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल वर्षा ठाकुर को इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां से परिजनों ने बाद में दूसरे निजी अस्पताल में ले जाकर भर्ती कराया है।
ये भी पढ़ें-
मोबाइल फटने से बच्ची की मौत, चार्जिंग पर लगाकर चला रही थी, पूरा गांव सदमे में
चालक की गिरफ्तारी के प्रयास घटना के प्रत्यक्षदर्शी सुनील ठाकुर ने इस मामले में टक्कर मारने वाले कार चालक के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। ग्राम अरवलिया थाना ईंटखेड़ी निवासी सुनील ने पुलिस को बताया कि वह अपनी कार से रिश्तेदारी में बैरसिया जा रहे थे। उनके आगे मोटर सायकिल पर देवी सिंह अपनी मां और बेटी के साथ चल रहे थे। पेट्रोल पंप के सामने कार ने देवी की बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि बेटी गंभीर रूप से घायल हुई है। टक्कर मारने वाला चालक छोड़कर मौके से भाग निकला था। पुलिस ने कार जब्त कर चालक की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।