भोपाल की बिगड़ती हवा को स्वच्छ बनाने के लिए कलेक्टर आशीष सिंह ने अनूठी पहल की है। चार पहिया वाहनों में फुल टैंक पेट्रोल भरवाने पर उसकी पीयूसी (प्रदूषण की जांच) मुफ्त में की जाएगी। पंप संचालक को ये जांच फ्री में करना होगा। इसके लिए उन्होंने राजधानी के समस्त पेट्रोल पंपों को निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर आशीष सिंह ने भोपाल शहर के बिगड़ते AQI स्तर को देखते हुए एवं उसमें सुधार के लिये कई कदम उठाये हैं। उन्होंने इस संबंध में मंगलवार को प्रशासन, आरटीओ, पॉल्यूशन कंट्रोल एवं पुलिस को वाहनों के प्रदूषण स्तर की जांच करने के निर्देश दिये हैं।
कमिश्नर ने भी ली थी बैठक
जिन वाहनों का पीयूसी न हो, उन पर चालानी कार्रवाई भी की जाए। ऐसे निर्देश भी कलेक्टर ने दिए हैं। कलेक्टर ने सभी पेट्रोल पम्पों पर पीयूसी की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं। इसके पहले भोपाल संभाग कमिश्नर पवन शर्मा भी AQI स्तर को लेकर चिंता जाहिर कर चुके हैं। उन्होंने भी बैठक लेकर जरूरी कदम उठाए जाने के लिए निर्देश दिए हैं।
बिगड़ रही हवा
बता दें, भोपाल की हवा लगातार खराब हो रही है। यहां एक्यूआई में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इसके चलते लोगों को सांस लेने संबंधित बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है। दीवाली के बाद से ही भोपाल और प्रदेश के कई शहरों में ऐसे हालात बन रहे हैं। इसके साथ ही सड़कों पर धूल, वाहनों से निकलने वाले प्रदूषण से भी AQI स्तर बढ़ रहा है।