रंगमंच की नर्सरी कहे जाने वाले शहर भोपाल में सृजन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिन के आयोजन में कला और संस्कृति को समर्पित कई कार्यक्रम होंगे। इस दौरान कई नाटकों का मंचन होगा। साथ ही कला को समर्पित कई लोगों को सम्मानित भी किया जाएगा।
वरिष्ठ रंगकर्मी सरफराज हसन ने बताया कि कला व सांस्कृतिक संस्था यंग्स थिएटर फाउंडेशन द्वारा स्व. सुदर्शन जी की स्मृति में प्रतिवर्ष सामाजिक जन-जागरूकता, संस्कृति एवं भारतीय परंपराओं से ओत-प्रोत व वैचारिकी के नाटकों के मंचन का प्रतिष्ठित नाट्य समारोह "सृजन महोत्सव" का आयोजन किया जाता है। आयोजन का यह 15वां वर्ष है। उन्होंने बताया कि इस तीन दिन के आयोजन के दौरान शुक्रवार को नाटक "पार्क" का मंचन किया गया। इसी तरह 14 सितंबर को नाटक "फेयरवेल" और 15 सितंबर नाटक "इलहाम" का मंचन होगा।
कला मनीषी होंगे सम्मानित
कार्यक्रम व्यवस्थापक डॉ. पुनित चन्द्र ने बताया कि आयोजन के दौरान तीनों ही दिन 3 अलग अलग कला मनिषयों का सम्मान किया जाएगा। इनमें संजय मेहता, हिम्मत गौस्वामी, मोहम्मद फ़ैज़ान, कु. बिशना चौहान, विजय सप्रे, राजीव श्रीवास्तव, राहुल जाधव, कु. केतकी अश्डा को विभिन्न सम्मानों से नवाजा जाएगा।