राजधानी में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के प्रमुख घाटों से लेकर कॉलोनियों तक छठ पूजा की रौनक देखने को मिलेगी। चार दिन तक चलने वाले इस पर्व में सूर्य उपासना, पारंपरिक पूजा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। खास आकर्षण शीतलदास की बगिया में होने वाला आयोजन रहेगा, जहां 2100 मिट्टी के दीप जलाकर दीपदान किया जाएगा। इसके साथ ही 51 किलो गुलाब की पंखुड़ियों से पुष्पवर्षा भी होगी। कमला पार्क के पास स्थित शीतलदास की बगिया में भोजपुरी एकता मंच की ओर से विशेष आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए पूरे परिसर को पीले कपड़ों, केले के पेड़ों, झंडियों और आम के पत्तों के तोरण से सजाया जाएगा। आयोजन में बिहार के भोजपुरी कलाकार मिथु मिश्रा और वाराणसी के सक्षम शर्मा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। श्रद्धालुओं के लिए नौका विहार और आतिशबाजी की व्यवस्था भी रहेगी। सूर्य को अर्घ्य देने वाले व्रतियों के लिए कच्चे गाय के दूध का इंतजाम भी किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें-
एमपी: एमपी में गोवंश के लिए 60 करोड़ रुपए जारी करेंगे सीएम, 3 हजार से ज्यादा गोशालाओं को मिलेगी मदद
कॉलोनियों में भी बनेंगे अस्थायी पूजा कुंड
शीतलदास की बगिया के अलावा प्रेमपुरा और नीलबड़ में भी छठ पूजा के बड़े आयोजन होंगे। वहीं, शहर की कई आवासीय कॉलोनियों में समितियां अस्थायी तालाब और पूजा कुंड तैयार कर रही हैं। कोकता बायपास कॉलोनी में भी ऐसी व्यवस्था की जा रही है। इसका उद्देश्य उन श्रद्धालुओं को घर के नजदीक पूजा की सुविधा देना है, जिन्हें प्रमुख घाटों तक पहुंचने में परेशानी होती है। घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और स्वच्छता सहित अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी नगर निगम की रहेगी। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान देना होगा।
ये भी पढ़ें-
देवास शराबकांड में कांग्रेस का बड़ा एक्शन, छह साल तक युवा कांग्रेस अध्यक्ष रहे राहुल जायसवाल पार्टी से बाहर
13 नवंबर से शुरू होंगे चार दिवसीय आयोजन
मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग ने भी शीतलदास की बगिया में होने वाले छठ महोत्सव को अपने आयोजन कैलेंडर में शामिल किया है। यहां 15 और 16 नवंबर को विशेष कार्यक्रम होंगे। छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय से होगी। 14 नवंबर को खरना किया जाएगा। 15 नवंबर को व्रती डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य देंगे, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को ऊषा अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय पर्व का समापन होगा।