राजधानी भोपाल की साइबर क्राइम ब्रांच ने मध्यप्रदेश के शिवपुरी और गुजरात के सूरत से पांच साइबर जालसाजों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट के नाम पर एक महिला से करीब नौ लाख रुपये की ठगी की थी। पकड़े गए आरोपी खाताधारक और किराए पर बैंक एकाउंट लेकर साइबर ठगों को उपलब्ध कराने वाले हैं। जब्त हुए खाते में करीब 80 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन किया जा चुका था।
साइबर क्राइम ब्रांच के मुताबिक, इस मामले की शिकायत एक महिला ने की थी। शिकायत में बताया गया कि अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें एमआरटीईई मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के शेयर देने के नाम पर नौ लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई है। आवेदिका के नाती से यह रकम जालसाजों ने आरटीजीएस के जरिए ट्रांसफर करवाई थी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात जालसाजों के खिलाफ धोखाधड़ी की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया था। तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने शिवपुरी और सूरत से कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इस मामले में रामनाथ लोधी (45) निवासी बाचरोन चौराहा, थाना पिछोर जिला शिवपुरी, धनीराम जाटव उर्फ शैलेन्द्र उर्फ मिन्टू (27) निवासी थाना भौंती, तहसील पिछोर, जिला शिवपुरी को गिरफ्तार किया। इन दोनों से हुई पूछताछ के बाद आरोपी बांभनीया शांति भाई (25) निवासी थाना कपोदरा, जिला सूरत, परमार कमलेश भाई (29) निवासी जिला अमरेली और प्रजापति अश्विन भाई (35) निवासी थाना जसदण, जिला राजकोट गुजरात को गिरफ्तार किया है।
गमले में पेशाब करने वाले पर एफआईआर दर्ज
भोपाल में वीआईपी रोड पर नगर निगम के गमले और बड़े तालाब में पेशाब करने वाले युवक के खिलाफ कोहेफिजा पुलिस ने आपराधिक मामला दर्ज कर लिया है। बाइक नंबर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक इस मामले की शिकायत धीरज गौहर (46) ने पुलिस से की थी। धीरज नगर निगमें जोन क्रमांक-2 में नौकरी करते हैं और वीआईपी रोड के सुपरवाइजर हैं।
उन्होंने शिकायत में बताया कि सोशल मीडिय पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे उन्होंने स्वयं भी देखा है। वीडियो में वीआईपी रोड पर एक व्यक्ति अपनी गाड़ी खड़ी करके फुटपाथ पर रखे गमले एवं बडे तालाब के पानी में पेशाब करता दिखाई दिया था। युवक के इस कृत्य भोपाल की छवि को विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। वीआईपी रोड सार्वजनिक स्थान है एवं वरिष्ठ और विशिष्ट नागरिकों का आना जाना लगा रहता है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 279 बीएनएस के तहत केस दर्ज कर लिया है।