भोपाल जिला विकास समन्वय और निगरानी (दिशा) समिति की बैठक हंगामे के बीच स्थगित कर दी गई । दरअसल पहली बार भोपाल सांसद ने बैठक बुलाई थी। बैठक में नगर निगम कमिश्नर के नहीं आने से सांसद आलोक शर्मा भड़क उठे और बैठक छोड़कर चले गए। इससे पहले सांसद आलोक शर्मा, महापौर मालती राय और विधायक भगवान दास सबनानी ने नगर निगम कमिश्नर को फोन लगाया। लेकिन, उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। सांसद ने इसे भोपाल की 35 लाख जनता का अपमान बताया है। बैठक में स्मार्ट सिटी, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर बात होनी थी। बैठक में विधायक भगवान दास सबनानी, महापौर मालती राय, जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुंवर बाई गुर्जर, उपाध्यक्ष मोहन जाट, सीईओ इला तिवारी समेत जिला अधिकारी मौजूद थे।