सार
भोपाल के कोहेफिजा स्थित पुराने सचिवालय की जर्जर बिल्डिंग में बड़ा हादसा टल गया। गुरुवार देर रात हुजूर एसडीएम ऑफिस की छत का प्लास्टर और फॉल सीलिंग अचानक गिर गई। घटना रात में हुई, इसलिए कोई घायल नहीं हुआ। अब एसडीएम विनोद सोनकिया ने अपना कामकाज कोर्ट रूम से शुरू कर दिया है और बिल्डिंग की मरम्मत के लिए पीडब्ल्यूडी को कहा है।
हुजूर एसडीएम ऑफिस की छत का प्लास्टर गिरा
- फोटो : अमर उजाला
भोपाल के कोहेफिजा स्थित पुराने सचिवालय परिसर में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा टल गया। यहां स्थित हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के कार्यालय की छत से भारी प्लास्टर गिरने के साथ पूरी फॉल सीलिंग नीचे आ गई। घटना रात में हुई, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अधिकारियों का मानना है कि यदि यह घटना दिन में होती, तो गंभीर हादसा हो सकता था। शुक्रवार सुबह एसडीएम सोनकिया ने बताया कि हादसे के बाद उनका कार्यालय असुरक्षित हो गया है। फिलहाल वे कोर्ट रूम में बैठकर कामकाज निपटा रहे हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) को तुरंत मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए हैं। जानकारी के अनुसार, करीब 15 फीट ऊंची दीवार से मोटा प्लास्टर नीचे आ गिरा, जिसकी वजह से फॉल सीलिंग पूरी तरह ढह गई। इससे कमरे में रखा फर्नीचर और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कार्यालय को खाली करा दिया गया।