राजधानी के छोला मंदिर इलाके में रहने वाले एक रिटायर्ड एएसआई को सायबर जालसाजों ने पेंशनर लाईफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने के नाम पर 2 लाख 40 हजार की चपत लगा दी। साइबर जालसाजों ने उनके मोबाइल फोन पर एपीके फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करवाने के बाद ओटीपी लेकर खाते से रुपये निकाल लिए। फरियादी को हेल्पलाइन नंबर पर सहायता नहीं मिलने पर उन्होंने सायबर थाने जाकर शिकायत की। डायरी आने के बाद छोला मंदिर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ज्वाला प्रसाद पटेल (66) शिवशक्ति नगर छोला मंदिर में रहते हैं। बीती आठ नवंबर को वह अपने घर पर बैठे हुए मोबाइल फोन पर फेसबुक चला रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल फोन पर पीएनबी पेंशनर लाईफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने की आनलाइन लिंक आई। ज्वाला प्रसाद ने लिंक पर क्लिक पर किया तो एक विंडो खुली, जिसमें उनका नाम, जन्मतिथि और ईमेल समेत अन्य जानकारी पहले से भरी हुई थी, लेकिन फोन नंबर और अन्य जानकारी खाली थी। कुछ देर बाद ही अज्ञात व्यक्ति ने उनके वॉट्सएप पर एक एपीके फाइल भेजी और उसे डाउनलोड करने का बोला। ज्वाला प्रसाद ने फाइल को ओपन किया तो एक फार्म खुल गया। उस फार्म में ज्वाला प्रसाद ने अपना आधार नंबर और फोन नंबर भरा तो ओटीपी आया, जो फाइल भेजने वाले के पास भी चला गया।
ये भी पढ़ें - Indore Diarrhea Outbreak: भागीरथपुरा में कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता भिड़े, तीन थानों की पुलिस ने संभाली स्थिति
एटीएम की जानकारी भरने पर कटे रुपये
पहला फार्म भरने के बाद उनके मोबाइल फोन पर एक और फार्म खुला, जिसमें उन्होंने अपने एटीएम कार्ड और पिन की जानकारी भर दी। फोन करने वाले ने फोटो अपलोड करने का बोला तो उन्होंने फोटो भी अपलोड कर दी। उसके बाद उन्हें बताया गया कि पहले एक रुपये खाते से कटेगा और अगले दिन यह राशि वापस क्रेडिट हो जाएगी। कुछ देर बाद खाते से एक रुपया कट गया और बाद में कई अन्य ओटीपी भी मोबाइल पर आए।
शंका होने पर फ्रीज कराया खाता
रुपया कटने के बाद ज्वाला प्रसाद को कुछ शंका हुई तो उन्होंने पीएनबी के टोलफ्री नंबर पर कॉल करके अपना बैंक एकाउंट फ्रीज कराया। अगले दिन छुट्टी होने के कारण वह बैंक नहीं पहुंचा। तीसरे दिन उन्होंने बैंक पहुंचकर अपना खाता एक्टीवेट करवाया। उसके बाद पता चला कि उनके बैंक एकाउंट से 2 लाख 40 हजार रुपये कट चुके हैं। घटना के बाद ज्वाला प्रसाद ने सायबर हेल्प लाइन नंबर पर कई संपर्क किया, लेकिन जब बात नहीं हुई तो उन्होंने साइबर थाने जाकर शिकायत की। डायरी आने के बाद छोला मंदिर पुलिस ने अज्ञात जालसाजों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।