राजधानी भोपाल के बैरागढ़ उपनगर में पन्नी बीनने वाली 12 साल की बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मासूम गुरुवार रात करीब आठ बजे घर से निकली, लेकिन फिर वापस नहीं लौटी। परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। कोई सुराग नहीं मिलने पर थाने पहुंचकर गुमशुदगी दर्ज कराई। शुक्रवार को बैरागढ़ में कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक वीरान खंडहर से बच्ची का शव मिलने की सूचना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बच्ची की हत्या की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह घर से निकलने के बाद खंडहर तक कैसे पहुंची और इस वारदात को किसने अंजाम दिया।
घर से निकली, फिर नहीं लौटी
मृतका बैरागढ़ फाटक रोड स्थित झुग्गी बस्ती में अपने परिवार के साथ रहती थी। वह परिवार की मदद के लिए पन्नी बीनने का काम करती थी। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार रात करीब 8 बजे वह घर से निकली थी। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के इलाकों में खोजबीन के बाद भी जब बच्ची का कोई पता नहीं चला, तो परिजन देर रात बैरागढ़ थाने पहुंचे और उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। परिजन बच्ची के सुरक्षित लौटने की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन शुक्रवार को उसका शव मिलने की खबर सामने आई। जिस बच्ची की तलाश में परिवार परेशान था, उसकी मौत की सूचना से परिजनों का बुरा हाल हो गया।
ये भी पढ़ें-
बंद कमरे में फंदे पर लटका था पति का शव, पत्नी पड़ी थी लहूलुहान; पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो उड़ गए होश
खंडहर में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
बच्ची का शव कृष्णा कॉम्प्लेक्स के पीछे स्थित एक वीरान खंडहर में मिला। घटना की सूचना मिलते ही बैरागढ़ एसीपी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया। टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगी है, ताकि वारदात से जुड़े अहम तथ्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस घटनास्थल की परिस्थितियों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई और हत्या के पीछे क्या वजह रही, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
सीसीटीवी फुटेज में तलाशे जा रहे सुराग
जांच के दौरान पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घर से निकलने के बाद बच्ची किस दिशा में गई, रास्ते में उसके साथ कौन था और वह खंडहर तक कैसे पहुंची। पुलिस घटनाक्रम की कड़ियां जोड़कर संदिग्धों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। फिलहाल बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। इस घटना से इलाके में चिंता और आक्रोश का माहौल है। बच्ची के साथ हुई इस घटना ने उसकी सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।