भोपाल में बाघ के इलाके में टेंट लगाकर कर रहे थे पार्टी।
- फोटो : Twitter
भोपाल में बाघ भ्रमण क्षेत्र में मंगलवार रात को कुछ युवाओं ने रेव पार्टी की। मैनेजमेंट, इंजीनियरिंग और लॉ के छात्र-छात्राओं के लिए यह पार्टी आयोजित की थी। मंगलवार रात 11 बजे पार्टी शुरू हुई और बुधवार तड़के पुलिस के आने तक चली। पुलिस ने पार्टी के आयोजक और डीजे संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर बाकी छात्र-छात्राओं को चेतावनी देकर छोड़ दिया है। इस कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
सूत्रों का कहना है कि जैसे ही युवाओं को थाने लाया गया, अधिकारियों के फोन घनघनाए। कुछ देर बाद युवाओं के परिजन भी थाने पहुंच गए। उन्हें समझाइश दी गई। सबको रोकना मुश्किल था, इस वजह से उनका मेडिकल भी नहीं कराया जा सका। पुलिस ने शराब की बोतलें, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों को जब्त किया है। पुलिस ने देर शाम इस घटना की पुष्टि की।
पुलिस ने बुधवार तड़के जब केरवा डैम से आगे बाघ भ्रमण क्षेत्र के सरोतीपुरा गांव में कार्रवाई की तो वहां छात्र-छात्राएं नशे की हालत में थे। रातीबड़ थाना प्रबारी सुदेश तिवारी का कहना है कि बुधवार तड़के 3 से चार बजे पुलिस को सरोतीपुरा के जंगल में केरवा डैम के आगे टेंट लगाकर पार्टी करने की शिकायत मिली थी। डीजे बज रहा था और 50 युवक-युवतियां नशे में नाच रहे थे। पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर डीजे बंद कराया। कई युवा यहां-वहां भागने लगे, तो कुछ पुलिस से उलझे भी। सभी युवा अच्छे घरों से थे। उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। आयोजक प्रणव ओमकारा और डीजे संचालक सचिन गौर के खिलाफ केस दर्ज किए गए हैं। वन विभाग भी इन पर वन्य प्राणी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर सकता है।