सड़क हादसे में महिला और कारोबारी की मौत
- फोटो : सोशल मीडिया
भोपाल-इंदौर मार्ग में गुरुवार को एक सड़क हादसे में करोबारी और महिला की दर्दनाक मौत हो गई। करोबारी और महिला मोटरसाइकिल से भोपाल से सीहोर जा रहे थे इसी दौरान एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी हादसे में दोनों की मौत हो गई।
हादसा खजूरी सड़क थाना इलाके सोनम पटेल ढाबे के पास का है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भोपाल-इंदौर मार्ग पर सोनम पटेल ढाबे के सामने बाइक में बैठे एक युवक और महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी है। हादसे में बाइक सवार और पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। वहीं आरोपी कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायलों को हमीदिया अस्पताल भेज दिया। इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त कर महिला के मोबाइल से परिजनों से संपर्क किया। मृतका का नाम प्रतिभा पिता शंकरलाल मेहरा (38 वर्षीय) निवासी कारगिल कालोनी बताया गया। परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार प्रतिभा एक निजी स्कूल में शिक्षिका थी। वहीं हादसे में मृत युवक की पहचान उसके मोबाइल पर आए फोन से हुई। युवक का नाम फैमिद पिता अब्दुल मजीद (45 वर्षीय) निवासी चार इमली पता चला है। वह कैटरिंग का कारोबार करता था। महिला और मृत युवक दोनों के ही परिजनों को ये नहीं पता कि वे दोनों कहां जाने के लिए निकले थे।
हादसे के बारे में प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार चलते-चलते अचानक मुड़ा, जिसके चलते पीछे से आ रही कार उनकी बाइक से टकरा गई। पुलिस ने कार जब्त कर ली है। शव पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।