भोपाल रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे का वीडियो का एक दृश्य।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक बुजुर्ग चलती ट्रेन में सवार होने की कोशिश में पैर फिसलने से रेलवे ट्रैक पर जा गिरे। उनके ऊपर से दो डिब्बे भी निकल गए थे। किस्मत अच्छी थी कि रेलवे गार्ड ने यह देख लिया और प्रेशर वॉल्व खोलकर ट्रेन को तुरंत रोक दिया। वरना, हादसा हो सकता था। इस दौरान बुजुर्ग भी नीचे दुबके रहे, इससे उन्हें कोई चोट नहीं आई है।
मामला गुरुवार-शुक्रवार रात का है। राप्तीसागर एक्सप्रेस में यात्री कर रहे 62 वर्षीय बुजुर्ग प्रसिद्धनारायण पांडे पांच मिनट के हॉल्ट की वजह से बोतल में पानी भरने स्टेशन पर उतरे। जब वे लौट रहे थे, तब ट्रेन चल दी। उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश की और पैर फिसल गया। वह प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच के गैप में जा गिरे। तब तक ट्रेन ने स्पीड पकड़ ली थी।
यह डिब्बा ट्रेन के पिछले हिस्से में था। गार्ड राजेश मुरखेरिया ने चलती ट्रेन न पकड़ने के लिए आवाज भी लगाई। पर बुजुर्ग ने उन्हें अनसुना कर दिया। खैर, जब पांडे नीचे गिर गए तो गार्ड ने प्रेशर वॉल्व खोलकर ट्रेन को रोक दिया। बुजुर्ग को नीचे से निकाला गया। अगर ट्रेन कुछ सेकंड और चल जाती तो बुजुर्ग की कटकर मौत हो सकती थी। बुजुर्ग को इस घटना में हाथ, पैर, सिर में मामूली चोटें आईं। उन्हें इलाज के लिए हमीदिया भेजा गया। वहां से शुक्रवार सुबह उन्हें छुट्टी दे दी गई।