किसानों के मुद्दे पर कमलनाथ ने सरकार को घेरा
- फोटो : PTI
मध्य प्रदेश में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खराब फसलों के मुद्दे पर पूर्व सीएम कमलनाथ ने सीएम शिवराज को आड़े हाथों लिया। सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में चारों तरफ बर्बादी का मंजर है। ओलावृष्टि और बारिश से किसानों की फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो गई हैं। प्रदेश का किसान खून के आंसू रो रहा है मुआवजे की मांग कर रहा है। लेकिन कई प्रभावित हिस्सों में अभी तक सर्वे शुरू नहीं हुए हैं वहीं कई जगहों पर सर्वे में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आ रही हैं। संकट की इस घड़ी में सरकार को किसानों को तात्कालिक सहायता देकर राहत प्रदान करना चाहिए लेकिन कहीं फसल बीमा का आश्वासन दिया जा रहा है तो कहीं सर्वे के नाम पर टालमटोली की जा रही है।
सीएम शिवराज पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष में रहकर खेतों में जाने की सलाह देने वाले मुख्यमंत्री और उनके मंत्री किसानों की सुध तक नहीं ले रहे हैं, अभी तक खेतों तक नही पहुंच पाए हैं। उन्होंने कहा कि पिछली खराब फसलों का मुआवजा और बीमा की राशि अभी तक किसानों को नहीं मिली है, तो इस बार का मुआवजा कब मिलेगा, यह बड़ा प्रश्न आज किसानों के सामने है ? प्रदेश का किसान पहले से ही खाद संकट, बिजली संकट से परेशान है और ऐसे में इस संकट ने किसानों की परेशानी को और बढ़ा दिया है।