भोपाल में मंगलवार को मनाई जाएगी ईद
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी भोपाल में काजी ए शहर की अगुवाई में रुअतएहिलाल कमेटी रविवार शाम को राजधानी भोपाल में ईद का चांद देखने के लिए जुटी। इस दौरान चांद दिखाई न देने के बाद मंगलवार को ईद मनाए जाने का ऐलान किया गया। इधर दाऊदी बोहरा समाज अपने 30 रोजे पूरे कर सोमवार को ईद का त्यौहार मनाएगा।
शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी, मुफ्ती मोहम्मद अबुल कलाम कासमी, नायब शहर काजी सैयद बाबर, मुफ्ती जसीम दाद, मुफ्ती रईस की मौजूदगी में रविवार को चांद देखने की रस्म अदा की गई। इस दौरान साफ आसमान पर चांद के दीदार नहीं हो पाए। इसके बाद देश के सभी बड़े शहर दिल्ली, लखनऊ, हैदराबाद आदि के उलेमाओं से संपर्क किया गया, इन जगहों से भी चांद दिखाई देने की कोई तस्दीक नहीं हुई। राजधानी के आसपास के शहरों और गांवों से भी चांद दिखने की कोई दलील नहीं मिली। जिसके बाद शहर काजी सैयद मुश्ताक अली नदवी ने ईद का त्यौहार मंगलवार को मनाने का ऐलान कर दिया।
वहीं, बोहरा समुदाय ने 30 रोजे पूरे करने के बाद सोमवार को ईद का त्यौहार मना रहा है। दाऊदी बोहरा समुदाय ने हैदरी मस्जिद अलीगंज, हुसैनी मस्जिद पीरगेट, बद्री मस्जिद सैफिया कॉलेज, अहमदी मस्जिद कब्रिस्तान, नजमी हाल नूरमहल, बुरहानी मस्जिद कारोद, इज़ी मोहल्ला कोहेफिजा में ईद की नमाज अदा की। बता दें बोहरा समुदाय चांद की तस्दीक की बजाए हिंदी तिथि से रमजान की शुरुआत कर तीस रोजे पूरे कर ईद का त्यौहार मनाते हैं।