हिंदू जागरण मंच के जिलाध्यक्ष प्रियांक सिंह ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा, जिस काल कोठरी में वीर सावरकर को काला पानी की सजा प्राप्त हुई थी और उन्होंने 27 साल जेल में काट दिए, उस कालकोठरी में केवल एक दिन राहुल गांधी बिताकर बताएं। वहीं, हिंदू महासभा के दिनेश सुगंधी ने कहा, वीर सावरकर पर अभद्र टिप्पणी करके जनभावनाएं भड़काने का काम राहुल गांधी ने किया है, जिससे भारतवर्ष की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। भूषण पाठक ने कहा, महाराष्ट्र में राहुल गांधी ने वीर सावरकर की छवि धूमिल करके गलत तथ्य प्रेषित किए, जिसके लिए उन्हें पूरे देश से माफी मांगना चाहिए।
विरोध प्रदर्शन करने के पश्चात सभी हिंदू संगठन सिटी कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन से राहुल गांधी के खिलाफ तत्काल एफआईआर करने का निवेदन किया। इधर, कांग्रेस ने भी पोस्टर पर आपत्ति लेते हुए पोस्टर लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस नेता अजय रघुवंशी का कहना है, राहुल ने जो कहा है वह इतिहास में दर्ज है। उसे कैसे झुठलाया जा सकता है, जिस किसी ने भी पोस्टर लगाकर यात्रा का विरोध किया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।