देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
- फोटो : प्रतीकात्मक
कोतवाली थाना क्षेत्र के झगड़िया के पास एक बड़ा हादसा हो गया। जहां झगड़िया गौशाला के लिए मक्के का कड़बा लेकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। और फिर जो हुआ उसने वहां मौजूद सभी लोगों के होश उड़ा दिए।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में मक्के का कड़बा ऊंचाई तक भरा हुआ था। जैसे ही ट्रैक्टर झगड़िया मार्ग पर पहुंचा, ट्रॉली का ऊपरी हिस्सा ठीक ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन से जा टकराया। टकराते ही तेज चिंगारी निकली, स्पार्किंग हुई और सूखा कड़बा होने की वजह से एक ही झटके में पूरी ट्रॉली ने आग पकड़ ली।आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। लेकिन चालक ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए तुरंत ट्रैक्टर से छलांग लगा दी और अपनी जान बचा ली। अगर चालक थोड़ी भी देर करता तो बड़ा हादसा हो सकता था, उसकी जान भी जा सकती थी।
ये भी पढ़ें-
जीजा बना जल्लाद: पत्नी व ससुर को थप्पड़ मारे, बीच-बचाव करने गए साले की गुप्तांग पर लात मारकर की हत्या
कुछ ही मिनटों में ट्रॉली में रखा पूरा कड़बा जलकर खाक हो गया और ट्रॉली भी पूरी तरह से जलकर राख हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और गौशाला के कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन सूखे भूसे के कारण आग बेकाबू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और जांच शुरू की। वहीं इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोगों का कहना है कि झगड़िया मार्ग पर कई जगहों पर हाईटेंशन लाइन काफी नीचे लटकी हुई है। पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इन लाइनों की ऊंचाई बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।